बैकुंठपुर में छात्रा की आत्महत्या से हड़कंप, आईसी मार्ट प्रबंधन पर गंभीर आरोप, जांच में जुटी पुलिस

कोरिया जिले के बैकुंठपुर में एक 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। मृतका के परिजनों ने आईसी मार्ट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि चोरी के शक में छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, रुपए की मांग की गई और उसकी स्कूटी तक छीन ली गई। घटना के बाद पुलिस ने जांच के लिए आईसी मार्ट को सील कर दिया है।

चोरी के आरोप में लिखवाया कबूलनामा, बढ़ती गई पैसों की मांग

जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन निवासी प्रधान आरक्षक शिवनाथ सिंह पैकरा की 17 वर्षीय पुत्री रितु सिंह आईसी मार्ट गई थी। आरोप है कि मार्ट प्रबंधन ने उस पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया और उससे लिखवाया कि उसने मार्ट से सामान चोरी किया है।

परिजनों का कहना है कि इसके बाद पहले 15 हजार रुपए की मांग की गई। जब छात्रा के चाचा मौके पर पहुंचे तो रकम बढ़ाकर 20 हजार रुपए कर दी गई। बाद में छात्रा के पिता के पहुंचने पर 50 हजार रुपए की मांग की गई। इतना ही नहीं, मार्ट प्रबंधन ने छात्रा की स्कूटी भी अपने कब्जे में रख ली।

मानसिक तनाव में छात्रा ने उठाया आत्मघाती कदम

परिजनों के मुताबिक, सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने और लगातार मानसिक दबाव बनाए जाने से छात्रा बेहद परेशान थी। बुधवार दोपहर उसने अपने पिता के शासकीय आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जांच के लिए आईसी मार्ट सील, एफएसएल करेगी साक्ष्यों की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए बैकुंठपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आईसी मार्ट को सील कर दिया है ताकि साक्ष्यों से किसी प्रकार की छेड़छाड़ न हो सके। एफएसएल की टीम दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच करेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com