‘मैंने मां को मार दिया है…’ 13 बार चाकू से वार कर हत्या के बाद बहन को फोन कर बोला, क्या थी वजह?

राजस्थान राज्य के शेखावाटी क्षेत्र के झुंझुनू ज़िले में स्थित नवलगढ़ कस्बे में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां प्रभाती देवी की उनके ही बेटे राजवीर ने कथित रूप से चाकू से गोदकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि आरोपी को शराब की लत थी और वो आए दिन परिवार के लोगों से लड़ता था. आम तौर पर उसकी पत्नी से लड़ाई होती थी.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी राजवीर ने अपनी मां पर करीब 13 बार चाकू से वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी ने अपनी बहन को फोन कर घटना की जानकारी दी.सूचना मिलते ही नवलगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और आरोपी राजवीर को गिरफ्तार कर लिया.
क्या बोले अधिकारी?
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पीडब्ल्यूडी (PWD) में कार्यरत है और नशे का आदी बताया जा रहा है. हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा अभी नहीं हुआ है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है. नवलगढ़ थाने के सीआई, अजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है.
उन्होंने बताया, ‘आरोपी का अपनी पत्नी और बच्चों से लगातार विवाद चल रहा था. घटना के समय पत्नी और बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे. आरोपी शराब पीने का आदी था, इसी वजह से उसकी पत्नी से लगातार झगड़े होते रहते थे. शराब के नशे में उसने अपनी मां से झगड़ा किया और चाकू मार दिया. इसके बाद उसने अपनी बहन को फोन कर कहा कि “मैंने मां को मार दिया है.’











