पत्नी के प्रेम प्रसंग से नाराज पति ने प्रेमी की कुल्हाड़ी से हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पत्नी के प्रेम प्रसंग से नाराज एक पति ने उसकी प्रेमी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। घटना केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाजार कुर्रीडीह की है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, मृतक शंकर सूर्यवंशी मध्यप्रदेश के मंदसौर का रहने वाला था और उसका ग्राम बाजार कुर्रीडीह निवासी पूर्णिमा सोरी से करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध था। बताया गया कि शंकर समय-समय पर पूर्णिमा से मिलने गांव आता था। कुछ दिन पहले पूर्णिमा भी अपनी दो बेटियों के साथ शंकर के घर गई थी और चार-पांच दिन बाद वापस लौट आई थी।

पत्नी और शंकर के संबंधों से नाराज पति योगेंद्र सोरी ने हत्या की साजिश रची। उसने पत्नी के माध्यम से शंकर को अपने घर बुलाया। रात में भोजन के बाद सभी एक ही हॉल में सो गए। देर रात करीब तीन बजे योगेंद्र ने सो रहे शंकर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शंकर को जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान आरोपी योगेंद्र सोरी को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।

घटना के बाद इलाके में मृतक के पुलिस जवान होने की अफवाह भी फैली, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया कि शंकर सूर्यवंशी किसी भी पुलिस या सुरक्षा बल का सदस्य नहीं था। मामले की जांच जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com