स्कूल में अमायरा के साथ क्या हुआ था? परिवार ने जारी किया नया CCTV वीडियो; फिर सुर्खियों में जयपुर का चर्चित केस

राजस्थान की राजधानी जयपुर के चर्चित अमायरा स्कूल डेथ केस में एक बार फिर नया मोड़ आ गया है. करीब एक साल पहले नीरजा मोदी स्कूल की चौथी मंजिल से कूदकर जान गंवाने वाली छात्रा अमायरा (9) के माता-पिता ने अब घटना से पहले का क्लासरूम CCTV फुटेज जारी किया है. परिवार का दावा है कि यह वीडियो अमायरा के आखिरी पलों को दिखाता है. इससे यह समझने में मदद मिलती है कि घटना से ठीक पहले कक्षा के भीतर क्या हुआ था? वहीं, परिवार ने एक बार फिर स्कूल प्रशासन पर बुलिंग की शिकायतों को नजरअंदाज करने और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं.
1 नवंबर 2025 को हुई थी घटना
यह मामला 1 नवंबर 2025 का है. जयपुर स्थित नीरजा मोदी स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ने वाली अमायरा ने स्कूल की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी थी. करीब 48 फीट नीचे गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी. उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. हालांकि, शुरुआत से ही अमायरा के माता-पिता का कहना था कि उनकी बेटी लंबे समय से स्कूल में बुलिंग का शिकार हो रही थी और कई बार शिकायत करने के बावजूद स्कूल प्रशासन ने कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया.











