बालोद के आश्रम से 5 लाख का चंदन गायब: 20 साल पुराने पेड़ काटकर ले गए चोर

बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम हथौद स्थित महर्षि मुक्तानंद आश्रम परिसर में खेत की मेड़ पर लगे 5 चंदन के पेड़ों को अज्ञात चोर काटकर ले गए। चोरी गए पेड़ों की कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एफआईआर के अनुसार, ग्राम सांकरा (क) निवासी पवन कुमार साहू महर्षि मुक्त लोक सेवा सार्वजनिक न्यास हथौद के सचिव और सरस्वती शिशु उच्च माध्यमिक विद्यालय हथौद के प्राचार्य हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि, आश्रम की करीब 5 एकड़ 9 डिसमिल भूमि में से कृषि भूमि की मेड़ पर 20 वर्ष पहले मलयागिरि प्रजाति के आठ चंदन के पेड़ लगाए गए थे।

आश्रम परिसर में चंदन के पेड़ काटे गए

8 जुलाई की सुबह विद्यालय के आचार्य ठाकुर राम साहू ने फोन कर जानकारी दी कि आश्रम परिसर में चंदन के पेड़ काट दिए गए हैं। मौके पर पहुंचने पर खेत की बाहरी मेड़ पर लगी लोहे की जाली कटी मिली। निरीक्षण में पांच चंदन के पेड़ों के तने गायब मिले, जबकि उनकी शाखाएं और ठूंठ मौके पर पड़े थे।

चोरों की तलाश शुरू

पुलिस का अनुमान है कि अज्ञात चोर 7 और 8 जुलाई की दरम्यानी रात जाली काटकर खेत में घुसे और पेड़ों को काटकर उनके तने चोरी कर ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com