मटमैले पानी से बढ़ी लोगों की चिंता: बालोद में पार्षदों ने जताया विरोध, CMO ने दी सफाई

बालोद शहर में पिछले एक सप्ताह से कई वार्डों में मटमैले पानी की सप्लाई होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। सुबह-शाम गंदा पानी आने से वार्डवासियों में डायरिया समेत जलजनित बीमारियों का खतरा बना हुआ है।

पार्षदों ने आरोप लगाया है कि बारिश के बाद खरखरा केनाल का गंदा पानी सिवनी पंप हाउस तक पहुंच रहा है, जिसके कारण शहर में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया।

पार्षद बोले- तांदुला की जगह केनाल का गंदा पानी पहुंच रहा पंप हाउस

पाररास वार्ड की पार्षद पुष्पा ईश्वर साहू, कुन्दरूपारा के पार्षद गोकुल ठाकुर और गंजपारा के पार्षद सुमित शर्मा ने बताया कि बरसात के कारण खरखरा केनाल में मटमैला पानी भर गया है। यही पानी सिवनी स्थित पंप हाउस तक पहुंच रहा है, जबकि शहर में तांदुला जलाशय का पानी सप्लाई होना चाहिए। उनका कहना है कि यह सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा मामला है।

केनाल का गेट बंद कर तांदुला का पानी छोड़ा जाए

पार्षद सुमित शर्मा ने कहा कि बरसात के दौरान खरखरा केनाल का गेट पूरी तरह बंद कर तांदुला जलाशय का पानी पंप हाउस तक पहुंचाया जाना चाहिए। यदि गंदे पानी की सप्लाई जारी रही तो शहर में डायरिया फैलने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं, पार्षद सुमित शर्मा ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

कुन्दरूपारा और जुर्रीपारा में सबसे ज्यादा शिकायत

कुन्दरूपारा के पार्षद गोकुल ठाकुर ने बताया कि लगातार बारिश के बाद से उनके वार्ड में गंदा पानी आ रहा है। आमतौर पर बारिश के दौरान कुछ समय तक ऐसा होता है, लेकिन बारिश थमने के बाद भी स्थिति सामान्य नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि पंप हाउस के पास जाकर देखा तो केनाल का पानी पूरी तरह मटमैला था। केनाल किनारे कई घरों का गंदा पानी भी केनाल में मिल रहा है। जिससे बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है।

CMO बोले- ट्रीटमेंट के बाद ही सप्लाई हो रहा पानी

नगर पालिका के सीएमओ खिरोद्र भोई ने कहा कि उन्हें फिलहाल ऐसी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि हाल ही में पीएचई विभाग से पानी की जांच कराई गई थी। जिसमें पानी पीने योग्य पाया गया। गंजपारा स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में पानी को शुद्ध करने के बाद ही शहर के वार्डों में सप्लाई किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी प्रकार का खतरा नहीं है।

पालिका अध्यक्ष बोलीं- शिकायत सही मिली तो केनाल का पानी बंद कराएंगे

नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने कहा कि वे खुद मौके का निरीक्षण करेंगी। यदि जांच में यह पाया गया कि खरखरा केनाल का गंदा पानी सिवनी पंप हाउस तक पहुंच रहा है तो सिंचाई विभाग से चर्चा कर तत्काल इसे बंद कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com