किचन में दिखा 8 फीट का सांप, मोहल्ले में मिला 10 फीट का अजगर: धमतरी में रेस्क्यू से टला खतरा

धमतरी जिले में शनिवार (11 जुलाई) को दो अलग-अलग स्थानों से एक 8 फीट लंबे धामन और 10 फीट लंबे अजगर का सफल रेस्क्यू किया गया। दोनों सांप रिहायशी क्षेत्रों में पहुंच गए थे। सर्पमित्रों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
पहला मामला धमतरी शहर के हटकेश्वर वार्ड का है। यहां एक मकान के किचन में करीब 8 फीट लंबा धामन सांप घुस गया। गृहणी ने सांप को देखकर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद सर्पमित्र को बुलाया गया।
किचन में निकला 8 फीट लंबा धामन
सर्पमित्र ने महज 12 सेकंड में धामन का रेस्क्यू कर लिया। इस दौरान सांप ने उन पर हमला करने की कोशिश भी की, लेकिन सावधानी से उसे पकड़कर बोरी में रखा गया और बाद में सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
10 फीट अजगर ने सर्पमित्र का हाथ जकड़ा
दूसरी घटना रुद्री क्षेत्र के ग्राम मुड़पार की है। यहां गांव के मोहल्ले में करीब 10 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलने पर पहुंचे सर्पमित्र ने अजगर का रेस्क्यू शुरू किया। इसी दौरान अजगर ने उनके हाथ को जकड़ लिया, लेकिन उन्होंने सूझबूझ से खुद को छुड़ाया और अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में उसे भी जंगल में छोड़ दिया गया।
बारिश के बाद बढ़ रही सांपों की आवाजाही
सर्पमित्रों के अनुसार, लगातार बारिश के बाद मौसम साफ होने और उमस बढ़ने से सांप और अन्य जीव-जंतु अपने बिलों से बाहर निकल रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं, उसे मारने की कोशिश न करें और तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।











