सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस से अभद्रता पड़ी भारी, रायगढ़ के होटल संचालक को किया गया गिरफ्तार

रायगढ़ जिले में होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के दौरान पुलिस टीम से अभद्रता करने के आरोप में एक होटल संचालक को गिरफ्तार किया गया है। औचक निरीक्षण के दौरान होटल में सुरक्षा मानकों से जुड़ी खामियां मिलने पर पुलिस ने संचालक को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए थे, लेकिन समझाइश के दौरान उसके अभद्र व्यवहार के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों में सुरक्षा व्यवस्था, आगंतुकों के सत्यापन तथा अनैतिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत साइबर सेल और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर स्थित व्हाइट रोज होटल का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान होटल में सुरक्षा संबंधी कई कमियां सामने आईं। इस पर पुलिस ने होटल संचालक सूरज सिंह (28) को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और आवश्यक सुधार करने की समझाइश दी। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान संचालक ने टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया और आक्रामक रवैया अपनाया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस संचालक को कोतवाली थाना लेकर पहुंची, लेकिन वहां भी उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और न्यायालय में पेश किया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों की नियमित जांच आगे भी जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना, आगंतुकों का सत्यापन करना तथा अनैतिक और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने और पुलिस कार्रवाई में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










