छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय होगा मानसून: आज से कई जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में दो दिन की बारिश रहित स्थिति के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने बुधवार से प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में सुबह से बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 48 घंटे के दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश रिकॉर्ड नहीं की गई। 1 जून से अब तक राज्य में सामान्य से 29 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह स्थिति ‘ब्रेक मानसून’ के कारण बनी, जिसमें मानसूनी तंत्र कमजोर पड़ जाता है और वर्षा देने वाले सिस्टम राज्य से दूर चले जाते हैं। हालांकि अब मौसम में बदलाव शुरू हो गया है और बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ने की संभावना है।
बीते 24 घंटों में बिलासपुर का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक के बीच बारिश होने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के 32 जिलों में से 16 जिले अभी भी सामान्य से कम बारिश का सामना कर रहे हैं। वहीं 14 जिलों में वर्षा सामान्य श्रेणी में दर्ज की गई है और केवल एक जिले में सामान्य से बहुत अधिक बारिश हुई है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अब तक 462.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 74 प्रतिशत अधिक है। वहीं मुंगेली में 331.8 मिमी बारिश के साथ सामान्य से 21 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा बालोद, बलौदाबाजार, बलरामपुर, दंतेवाड़ा, जांजगीर-चांपा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, महासमुंद, रायपुर और सक्ती सहित कई जिलों में वर्षा सामान्य के आसपास बनी हुई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि जुलाई का पहला पखवाड़ा खरीफ फसलों की बुआई के लिए सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में जिन जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है, वहां धान सहित अन्य फसलों की बुआई और शुरुआती वृद्धि प्रभावित हो सकती है। मौसम विभाग ने किसानों को मौसम के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी है।











