ऑटो सिग्नलिंग कार्य के चलते बिलासपुर जोन की 8 ट्रेनें रद्द, 18-19 जुलाई को यात्रियों को होगी परेशानी

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए भाटापारा और हथबंध स्टेशन के बीच तीसरी लाइन सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग का कार्य किया जाएगा। इस कार्य के चलते 18 और 19 जुलाई को बिलासपुर जोन की आठ मेमू और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, रायपुर मंडल के भाटापारा-हथबंध सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग कमीशनिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस परियोजना के पूरा होने से रेल संचालन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान कुछ ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। सबसे अधिक परेशानी रोजाना सफर करने वाले स्थानीय यात्रियों को उठानी पड़ सकती है।

रेलवे द्वारा जारी सूची के अनुसार, 19 जुलाई को रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर (68728), बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर (68734) और गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर (68733) रद्द रहेंगी। वहीं 18 और 19 जुलाई को बिलासपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर (68719), कोरबा-रायपुर पैसेंजर (58203) और रायपुर-कोरबा पैसेंजर (58204) का संचालन भी नहीं होगा। इसके अलावा 18 जुलाई को रायपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर (68746) तथा 19 जुलाई को गेवरा रोड-रायपुर मेमू पैसेंजर (68745) भी रद्द रहेगी।

इसके अलावा कुछ ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। 18 और 19 जुलाई को गोंदिया से चलने वाली गाड़ी संख्या 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन से संचालित होगी और गोंदिया से बिलासपुर के बीच का सफर रद्द रहेगा। इसी प्रकार झारसुगुड़ा से चलने वाली गाड़ी संख्या 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन पर ही समाप्त होगी तथा बिलासपुर से गोंदिया के बीच इसका संचालन नहीं किया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ऑटो सिग्नलिंग का कार्य पूरा होने के बाद रेल संचालन की क्षमता और सुरक्षा दोनों में सुधार होगा। फिलहाल प्रभावित ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था अपनाने की सलाह दी गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com