पंजाब कांग्रेस में बढ़ी हलचल: भूपेश बघेल दिल्ली तलब, गुटबाजी पर हाईकमान करेगा मंथन

पंजाब कांग्रेस में जारी संगठनात्मक खींचतान के बीच पार्टी हाईकमान ने पंजाब प्रभारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को दिल्ली बुलाया है। वरिष्ठ नेताओं के साथ होने वाली बैठक में पंजाब कांग्रेस के भीतर चल रहे विवाद, गुटबाजी और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी भी अपनी नाराजगी पार्टी नेतृत्व के सामने रख सकते हैं। माना जा रहा है कि वे पंजाब कांग्रेस के मौजूदा हालात और प्रदेश प्रभारी के कामकाज से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखेंगे। ऐसे में बैठक को पंजाब कांग्रेस के लिए अहम माना जा रहा है।

भूपेश बघेल पिछले कई दिनों से चंडीगढ़ में रहकर पंजाब कांग्रेस के विभिन्न नेताओं से लगातार मुलाकात कर रहे हैं। उनका प्रयास अलग-अलग गुटों के बीच मतभेद खत्म कर संगठन में एकजुटता लाने का है। हालांकि अब तक सभी पक्षों के बीच पूरी सहमति नहीं बन सकी है।

जानकारी के मुताबिक, चरणजीत सिंह चन्नी ने भूपेश बघेल से मुलाकात से पहले कुछ शर्तें भी रखी थीं। उन्होंने बैठक कांग्रेस भवन के बजाय किसी अन्य स्थान पर आयोजित करने और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की अनुपस्थिति की बात कही थी। इसके अलावा चन्नी की ओर से प्रतिनिधियों के माध्यम से बातचीत का प्रस्ताव भी दिया गया था।

पंजाब दौरे के दौरान भूपेश बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल सहित कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ही पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बने रहेंगे। वहीं, चन्नी गुट के नेताओं से भी संवाद बनाए रखने की कोशिश जारी है। हाल ही में पूर्व सांसद मोहम्मद सदीक का भूपेश बघेल के डिनर कार्यक्रम में शामिल होना भी दोनों गुटों के बीच बातचीत की पहल के रूप में देखा गया।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि पंजाब कांग्रेस का आंतरिक विवाद जल्द नहीं सुलझा, तो इसका असर संगठनात्मक तैयारियों पर पड़ सकता है। ऐसे में दिल्ली में होने वाली हाईकमान की बैठक से पार्टी के भीतर चल रहे विवाद को सुलझाने और संगठन को एकजुट करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की उम्मीद है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com