रायगढ़ में एनएच-49 पर बड़ी कार्रवाई, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाकर 41 वाहनों पर लगा जुर्माना

रायगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर बेतरतीब पार्किंग और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स ने संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान 41 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए करीब 41 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाकर संबंधित लोगों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई।
सर्वोच्च न्यायालय और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशों के तहत गठित जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स ने कांशीराम चौक, छातामुड़ा चौक समेत शहर के प्रमुख मार्गों पर निरीक्षण किया। इस दौरान कई भारी और चारपहिया वाहन सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े मिले, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ रहा था।
संयुक्त टीम ने मौके पर ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 41 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 41 हजार रुपये का अर्थदंड वसूला। अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क किनारे अवैध पार्किंग नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-49 के किनारे दुकानों के सामने बनाए गए अस्थायी शेड, सड़क पर बढ़ाए गए प्लेटफॉर्म, अवैध निर्माण और अन्य अतिक्रमण भी हटाए गए। प्रशासन ने संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी है।
प्रशासन ने दुकानदारों, ढाबा संचालकों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि जिले में इस तरह के औचक अभियान लगातार जारी रहेंगे। यदि दोबारा नियमों का उल्लंघन या अतिक्रमण पाया गया तो संबंधित व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











