रायपुर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, कारोबारी ने पत्नी और तीन बच्चों की हत्या के बाद की आत्महत्या की आशंका

रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बैटरी कारोबारी सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू ने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को जहर देकर मार डाला, इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया, जहां कारोबारी का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों के शव कमरे में जमीन पर पड़े थे। सभी के मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए और घर को सील कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक सय्यद शाहिद पिछले आठ महीनों से किराए के मकान में पत्नी राबिया, बेटे इरशाद अली और दो बेटियों के साथ रह रहा था। वह पुरानी बैटरियों की खरीद-बिक्री का कारोबार करता था, जबकि उसका बेटा एक निजी कंपनी में कार्यरत था।

जांच के दौरान कमरे से खाने-पीने का सामान और कीटनाशक का एक डिब्बा बरामद हुआ है। इन्हीं तथ्यों के आधार पर पुलिस को आशंका है कि पहले परिवार के सदस्यों को भोजन में जहर दिया गया और बाद में आरोपी ने आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

पड़ोसियों ने बताया कि गुरुवार रात के बाद से परिवार का कोई सदस्य दिखाई नहीं दिया था। शुक्रवार को भी पूरे दिन घर बंद रहा। जब कई बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली और घर से दुर्गंध आने लगी, तब पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने बताया कि मृतक परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। शवों की पहचान मृतक के भाई ने की है। मामले में मकान मालिक और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com