एलएलबी अंतिम सेमेस्टर के रिजल्ट पर छात्रों का विरोध, 7 दिन में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (पीआरएसयू) के एलएलबी अंतिम सेमेस्टर (जून-2026) परीक्षा परिणाम में कथित विसंगतियों को लेकर छात्रों में नाराजगी है। इस मुद्दे पर एनएसयूआई रायपुर ने कुलपति और परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपकर परिणाम में सुधार की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
एनएसयूआई के जिला महासचिव गोपाल वर्मा और जिला उपाध्यक्ष भोजराज चौहान के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि बड़ी संख्या में छात्रों को इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी) विषय में एटीकेटी (ATKT) दी गई है। वहीं कुछ छात्रों को सीपीसी विषय में भी एटीकेटी मिलने की शिकायत सामने आई है।
छात्रों का कहना है कि कई परीक्षार्थियों का परिणाम एबीसी आईडी वेरिफिकेशन पेंडिंग, विथहेल्ड और एब्सेंट दर्शाकर रोक दिया गया है, जबकि वे सभी निर्धारित परीक्षाओं में शामिल हुए थे। उनका आरोप है कि तकनीकी त्रुटियों के कारण परिणाम लंबित होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एनएसयूआई का कहना है कि परिणाम में देरी और त्रुटियों के चलते कई छात्र समय पर बार काउंसिल ऑफ इंडिया में पंजीयन, उच्च शिक्षा में प्रवेश तथा रोजगार से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से आईटी और सीपीसी विषय में एटीकेटी प्राप्त छात्रों की उत्तरपुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराने की मांग की है। इसके अलावा एबीसी आईडी वेरिफिकेशन पेंडिंग, विथहेल्ड और एब्सेंट के कारण लंबित परिणामों का शीघ्र निराकरण कर संशोधित परिणाम जारी करने की भी मांग की गई है। एनएसयूआई ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित सात दिन की अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।











