सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक को लेकर पत्नी का अल्टीमेटम, बिना अनुमति इलाज में हस्तक्षेप न करने की मांग

जंतर-मंतर पर 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद उनकी पत्नी गीतांजलि जे अंग्मो ने अस्पताल प्रशासन के सामने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि उनकी सहमति, परिवार की अनुमति और वांगचुक का इलाज कर रहे डॉक्टरों की मंजूरी के बिना उन्हें न तो मुंह से कुछ दिया जाए और न ही नसों के जरिए कोई दवा या तरल पदार्थ दिया जाए।

गीतांजलि जे अंग्मो ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि वह स्वयं सफदरजंग अस्पताल में मौजूद हैं और पिछले 20 दिनों से वांगचुक के स्वास्थ्य पर नजर रखने वाले चिकित्सकों की सलाह के बिना किसी प्रकार का चिकित्सकीय हस्तक्षेप नहीं किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि शुक्रवार तक वांगचुक की तबीयत स्थिर थी और उन्हें अस्पताल ले जाने की आवश्यकता नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि कानून के तहत परिवार और मरीज के अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि सोनम वांगचुक बीते 28 जून से जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे थे। शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस उन्हें धरना स्थल से हटाकर सफदरजंग अस्पताल ले गई। पुलिस का कहना है कि यह कदम उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति और न्यायालय के निर्देशों के मद्देनजर उठाया गया।

वहीं, वांगचुक के समर्थन में चल रहे आंदोलन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। यह आंदोलन नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा है, जिसमें वांगचुक समर्थन दे रहे थे।

अस्पताल ले जाए जाने से पहले जारी अपने वीडियो संदेश में सोनम वांगचुक ने बताया था कि भूख हड़ताल के दौरान उनके शरीर का लगभग 20 प्रतिशत वजन कम हो चुका है और मांसपेशियां भी प्रभावित हुई हैं, लेकिन उनका मनोबल अब भी मजबूत है। उन्होंने देशवासियों से 20 जुलाई को प्रस्तावित ‘चलो संसद’ मार्च में शांतिपूर्ण ढंग से शामिल होने की अपील करते हुए शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय करने की मांग की थी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com