पंचायत में टैक्स वसूली के खिलाफ विधानसभा में नारेबाजी:विपक्ष के विधायक वेल में पहुंचे; 5 साल में 1 लाख शिक्षकों की बहाली होगी

मानसून सत्र के दूसरे दिन पंचायत में टैक्स वसूली का मसला विधानसभा में उठा। माले विधायक ने कहा- इससे गरीबों पर बोझ बढ़ेगा। विपक्ष ने पंचायती कर, आकस्मिकता निधि पर चर्चा कराने की मांग की और कार्य स्थगन प्रस्ताव लाया। प्रस्ताव अमान्य होने पर विपक्षी विधायक हंगामा करने लगे। वेल में आए।

विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार सदस्यों को सीट पर जाने को कहा। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि विधेयक आएगा तो चर्चा होगी। कोई कर लग रहा है तो विपक्ष संशोधन प्रस्ताव सदन में लाए। तब विपक्षी सीट पर लौटे।

इधर, JDU विधायक श्याम रजक ने विधानसभा में अपनी ही सरकार को घेरा। उन्होंने शिक्षा विभाग से जुड़े सवाल पर मंत्री लखेंद्र कुमार के जवाब से असंतुष्टी जताते हुए कहा कि डॉक्टर भीमराम अंबेडकर स्कूलों में 62 फीसदी शिक्षक नहीं हैं। ऐसे में पढ़ाई कैसे होगी।

इस पर मंत्री लखेंद्र कुमार ने जबाव देते हुए कहा कि स्कूलों में 3456 शिक्षक हैं। 91 विद्यालय अभी संचालित हो रहे हैं। माध्यमिक में 1456 पद स्वीकृत हैं। उच्च माध्यमिक में 950 पद स्वीकृत हैं। कुल 2406 पद स्वीकृत हैं। 1290 शिक्षक कार्यरत हैं। TRE-4 के जरिए BPSC को वैकेंसी के लिए भेजा गया है।

श्याम रजक ने कहा- कब होगा क्या होगा इसकी समय सीमा बताइए। मंत्री लखेंद्र कुमार ने कहा, आपकी चिंता बिल्कुल सही है। BPSC जैसे ही बहाली करेगी शिक्षक बहाल हो जाएंगे।

दोनों के बयानों के बीच अचानक CM सम्राट खड़े हुए और कहा कि मैं शिक्षा विभाग को इसे देखने के लिए कह रहा हूं। 1 महीने के अंदर यहां शिक्षक उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

5 साल में एक लाख शिक्षकों की बहाली होगी

प्रश्नकाल के दौरान विद्यालय भवन की कमी का मुद्दा भी सदन में उठा। जिसके बाद सीएम सम्राट चौधरी ने ऐलान किया अगले छह महीने में जिन स्कूलों के पास जमीन नहीं है, उन्हें जमीन मुहैया कराई जाएगी। वहीं शिक्षा मंत्री ने कहा- आनेवाले 5 साल में सरकार 1 लाख शिक्षकों की नियुक्ति करेगी।

मानसून सत्र के हाईलाइट्स

  • गोपालगंज, मधुबनी समेत 3 जगह सरकार चीनी मिल खोलेगी।
  • सदन में CM की घोषणा- आवासीय विद्यालय में एक महीने में शिक्षकों की बहाली होगी।
  • शिक्षा मंत्री बोले- जुलाई के अंतिम सप्ताह में TRE-4 का प्रस्ताव BPSC को भेजा जाएगा।
  • उत्तेजक कपड़े पहनकर स्कूल जाने पर शिक्षक पर 48 घंटे में कार्रवाई होगी।
  • विधानसभा में पहली पंक्ति में बैठे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार।

लॉ-एंड-ऑर्डर पर विपक्ष का प्रदर्शन

सदन में प्रश्नकाल चल रहा है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार विधानसभा में मौजूद हैं। वो पहली पंक्ति में सीएम सम्राट चौधरी के साथ बैठे हैं।

सदन की कार्यवाही से पहले विपक्ष के नेताओं ने प्रदर्शन किया है। विधानसभा पोर्टिको में विपक्षी विधायक सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। उनके हाथों में ‘भ्रष्टाचार में नबंर वन बिहार’, ‘अपराध में नबंर वन बिहार’ जैसे स्लोगन वाली तख्तियां दिखीं।

माकपा विधायक अजय कुमार गिरती कानून व्यवस्था के खिलाफ पोस्टर लेकर विधानसभा पहुंचे। वहीं कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन ने कहा कि राम मंदिर चंदा चोरी मामला, वोट चोरी मामला, पेपर लीक जैसे मामलों में मोदी जी की सरकार चुप है। जो स्टूडेंट के राइट्स है, उसके लिए कोई प्रोटेस्ट कर रहा है तो उसे खत्म किया जा रहा है।

सदन पहुंचे अनंत सिंह ने कहा, मैंने आगे चुनाव नहीं लड़ने की बात कही है। जैसे मैं नीतीश जी के साथ था, मेरा बेटा निशांत जी के साथ रहेगा। वो बेहतर काम कर रहे हैं।

सोमवार को सदन में नीट पेपरलीक मामले पर हुआ हंगामा

बिहार विधान मंडल का मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को कार्यवाही शुरू होने के साथ ही विपक्ष के विधायकों ने नीट पेपरलीक को लेकर हंगामा किया और केंद्रीय शिक्षा मत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

स्पीकर के समझाने के बाद विधायक शांत हुए। विपक्ष विधानसभा के गेट से लेकर मुख्य पोर्टिको तक पैदल मार्च निकाला। विपक्ष के विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाएं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com