सड़कें बनीं तालाब, रेंग-रेंग कर चलीं कारें, सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन के पास गिरा डिवाइडर… दिल्ली-नोएडा से गुरुग्राम तक बारिश ने बढ़ाई मुसीबत

दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश ने एक बार फिर नगर निकायों और प्राधिकरणों की तैयारियों की पोल खोल दी है. कुछ ही घंटों की बारिश के बाद दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम के कई इलाके जलमग्न हो गए. सड़कें तालाब जैसी दिखाई दीं. पानी के बीच कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए. सड़कों पर जाम लग गया. ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों और स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी.

बारिश के बीच नोएडा के सेक्टर-100 स्थित बोड़ा महादेव मंदिर के पास, सेक्टर-99, सेक्टर-37 अंडरपास, बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन, सर्फाबाद, बरौला, सेक्टर-62, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, भंगेल, हल्द्वानी मोड़ और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भारी जलभराव देखने को मिला. कई कॉलोनियों और गांवों की सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे लोगों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई.

जलभराव के कारण कई कारें और दोपहिया वाहन बीच सड़क में बंद हो गए. जगह-जगह लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते दिखाई दिए. ऑफिस जाने वाले लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा, जबकि स्कूल बसों और निजी वाहनों में सफर कर रहे बच्चों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ी.

सड़क का डिवाइडर अचानक भरभराकर गिरा

बारिश के बीच नोएडा सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन के पिलर के नीचे बड़ा हादसा होते-होते टल गया. यहां करीब 50 मीटर से अधिक लंबा सड़क का डिवाइडर अचानक भरभराकर गिर गया. राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां भारी भीड़ या अधिक वाहन नहीं थे, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ.

हादसे में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. एसीपी, संबंधित थाना प्रभारी (SHO) और नोएडा अथॉरिटी के अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं

नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्ण कुमार ने मानसून से पहले स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जिन क्षेत्रों में जलभराव मिलेगा, वहां संबंधित वरिष्ठ प्रबंधक (सीनियर मैनेजर) की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उनके खिलाफ कार्रवाई होगी. अब ताजा हालात के बाद लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्राधिकरण अपने ही आदेशों पर कितना अमल करता है और जलभराव के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं.

दिल्ली में भी कई इलाकों में जलभराव

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी तेज बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. खान मार्केट के पास लोधी एस्टेट, दरियागंज, पृथ्वीराज रोड और नॉर्थ एवेन्यू समेत कई प्रमुख मार्गों पर पानी भर गया. कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न होने से यातायात प्रभावित रहा और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

पुरानी दिल्ली के सदर बाजार क्षेत्र से सामने आए दृश्य सबसे ज्यादा चिंता बढ़ाने वाले रहे. यहां स्कूली बच्चों को कमर तक भरे पानी से होकर स्कूल जाना पड़ा. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बच्चे पानी से भरी गलियों को पार करते दिखाई दिए, जिसने शहरी बुनियादी ढांचे और जल निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए.

गुरुग्राम में घुटनों तक पानी, सेक्टर-10A सबसे ज्यादा प्रभावित

हरियाणा के गुरुग्राम में भी बारिश से सड़कों पर पानी भर गया. सेक्टर-10ए समेत कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया. मुख्य सड़कों पर जलभराव के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. कई जगहों पर लोग पानी में पैदल चलने को मजबूर दिखे, जबकि दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को लंबा समय ट्रैफिक में बिताना पड़ा.

हर साल मानसून से पहले नालों की सफाई, ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने और जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने के दावे किए जाते हैं. इस बार भी करोड़ों रुपये खर्च कर बेहतर इंतजाम का दावा किया गया था, लेकिन पहली ही तेज बारिश में शहर की सड़कें तालाब में बदल गईं. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालों की प्रभावी सफाई और स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था बनाई गई होती तो हर साल की तरह इस बार भी ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती. लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com