सिजेरियन ऑपरेशन के बाद महिला के पेट में मिला सर्जिकल धागा, नर्सिंग होम को सीएमएचओ का नोटिस

बिलासपुर में सिजेरियन डिलीवरी के बाद एक महिला के पेट में सर्जिकल धागा छूट जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) से शिकायत की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमएचओ ने संबंधित पेंडलवार नर्सिंग होम को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। साथ ही मामले में नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

डिस्चार्ज के बाद बढ़ीं परेशानियां, दूसरी जांच में हुआ खुलासा

जानकारी के अनुसार बहतराई स्थित बिजौर गांव निवासी शक्ति लाल सूर्यवंशी ने अपनी पत्नी रेखा सूर्यवंशी को 12 जून को डिलीवरी के लिए पेंडलवार नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। सिजेरियन ऑपरेशन के बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन घर लौटने के बाद उसे लगातार पेट में तेज दर्द, उल्टी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने लगीं। परिजनों का आरोप है कि दोबारा नर्सिंग होम ले जाने पर बिना जांच किए दर्द को सामान्य बताकर वापस भेज दिया गया। बाद में अपोलो अस्पताल में जांच के दौरान महिला के पेट में सर्जिकल धागा होने का पता चला, जिसके बाद दोबारा ऑपरेशन कर उसे बाहर निकाला गया।

परिजनों ने कार्रवाई और मुआवजे की मांग की

पीड़ित परिवार ने सीएमएचओ को लिखित शिकायत सौंपकर संबंधित डॉक्टर और नर्सिंग होम प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में अस्पताल का लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने तथा पीड़ित महिला को उचित मुआवजा दिलाने की भी मांग की गई है। सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि मामले में पेंडलवार नर्सिंग होम को नोटिस जारी कर गुरुवार तक जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। यदि जांच में इलाज के दौरान लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित डॉक्टर और नर्सिंग होम के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला का उपचार जारी है और स्वास्थ्य विभाग मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com