कुलगाम में आतंकी हमला, छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की गोली मारकर हत्या

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आतंकियों ने पहले मजदूरों की पहचान पूछी और नाम जानने के बाद दो हिंदू मजदूरों को अलग कर उन पर नजदीक से गोलीबारी कर दी। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे कायराना हमला बताया है।
ईंट भट्ठे पर काम कर रहे थे दोनों मजदूर
अधिकारियों के मुताबिक हमला कुलगाम से करीब 20 किलोमीटर दूर केलाम क्षेत्र में हुआ। मृतकों की पहचान सक्ती जिले के बुंदेली गांव निवासी दीपक रात्रे (24) और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के छुईहा गांव निवासी भूपेंद्र भैना (28) के रूप में हुई है। दोनों रोजी-रोटी की तलाश में जम्मू-कश्मीर गए थे और एक ईंट भट्ठे में मजदूरी कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही दोनों गांवों में शोक की लहर फैल गई। प्रशासन पार्थिव शरीर को उनके गृह जिले लाने की प्रक्रिया में जुटा है।
नाम पूछकर बनाया निशाना, जांच में जुटीं एजेंसियां
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आतंकियों ने पहले प्रवासी मजदूरों के नाम पूछे और हिंदू मजदूरों की पहचान कर उन्हें निशाना बनाया। घटना के समय वहां अन्य प्रवासी श्रमिक भी मौजूद थे, लेकिन हमला केवल दोनों हिंदू मजदूरों पर किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमले से पहले आतंकियों ने इलाके की रेकी की थी और करीब तीन से चार राउंड फायरिंग की गई। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में एक स्थानीय और एक विदेशी आतंकी की संलिप्तता की आशंका जताई गई है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, हरसंभव मदद का भरोसा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हमले को कायराना बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार जम्मू-कश्मीर प्रशासन के संपर्क में है और पार्थिव शरीर को जल्द गृह राज्य लाने की प्रक्रिया जारी है। वहीं सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है और हमलावरों की तलाश जारी है।











