स्कूल बस की चपेट में आने से 3 वर्षीय मासूम की मौत, चालक गिरफ्तार

राजधानी में मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 3 वर्षीय मासूम की जान चली गई। विधानसभा अंडरब्रिज सर्विस रोड के पास भुवंस स्कूल की बस की चपेट में आने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने बस को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने विधानसभा थाने का घेराव कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

अंडरब्रिज सर्विस रोड पर हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र स्थित अंडरब्रिज के पास रहने वाले राजा देवार का तीन वर्षीय बेटा मुन्ना मंगलवार सुबह करीब 8 बजे सर्विस रोड पर था। इसी दौरान बच्चों को लेकर जा रही स्कूल बस की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस को जब्त कर चालक धलेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया। चालक और कंडक्टर से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद परिजनों का प्रदर्शन, पुलिस जांच जारी

मासूम की मौत से आक्रोशित परिजन और बस्ती के लोग बड़ी संख्या में विधानसभा थाने पहुंचे और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। उनका कहना है कि स्कूल बसों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। वहीं, बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद डायल-112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को सुरक्षित मेकाहारा मर्चुरी पहुंचाया और मौके पर भीड़ को नियंत्रित कर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। अधिकारियों ने टीम की तत्परता की सराहना करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com