शराब दुकान में लूट की वारदात, गार्डों को बंधक बनाकर चाकू से हमला

बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के सरकारी शराब दुकान में पांच नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात दो सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर उनके हाथ-पैर बांध दिए और विरोध करने पर एक गार्ड पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश दुकान के भीतर घुसे और लॉकर तोड़ने की कोशिश की। जब सफलता नहीं मिली तो वे करीब 27 हजार रुपये नकद, शराब की दो पेटियां, गार्ड का मोबाइल फोन और सीसीटीवी का डीवीआर लेकर फरार हो गए।
लॉकर तोड़ने और आग लगाने की भी कोशिश
पुलिस के अनुसार वारदात तड़के करीब चार बजे हुई। बदमाश पहले दुकान की चाबी मांगने लगे और विरोध होने पर दोनों गार्डों के साथ मारपीट की। दुकान में घुसने के बाद उन्होंने कटर से लॉकर काटने और आग लगाकर उसे खोलने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर नकदी और अन्य सामान लेकर भाग निकले। पुलिस का मानना है कि सीसीटीवी डीवीआर साथ ले जाने का उद्देश्य वारदात के सबूत मिटाना था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
बदमाशों के जाने के बाद दोनों गार्ड किसी तरह बंधन से मुक्त हुए। सुबह राहगीरों ने उन्हें घायल अवस्था में देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद एक घायल गार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस, आबकारी विभाग, एसीसीयू और साइबर टीम मौके पर पहुंची। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी मस्तूरी क्षेत्र की शराब दुकान में लूट का प्रयास हो चुका है और उस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।











