अगरबत्ती मशीन विवाद में कंपनी का पक्ष सामने आया, आरोपों को बताया बेबुनियाद

अगरबत्ती बनाने की मशीन, बायबैक गारंटी और रोजगार के नाम पर ठगी के आरोपों का सामना कर रहे भारत ग्रुप ने सभी आरोपों को खारिज किया है। कंपनी का कहना है कि उनके साथ करीब 200 लोग काम कर रहे हैं, जिनमें से केवल 22 लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है। कंपनी के अनुसार मशीनें सही तरीके से काम कर रही हैं और अनुबंध में तय शर्तों के अनुसार ही भुगतान किया जा रहा है।

कंपनी के गोदाम में अगरबत्ती की पैकेजिंग और परिवहन का कार्य जारी है। कर्मचारियों के मुताबिक विभिन्न जिलों से लोग तैयार अगरबत्ती यहां जमा कराते हैं, जिसके बाद उसकी जांच और पैकेजिंग की जाती है।

कंपनी ने आरोपों पर दी सफाई

कंपनी की सर्विस मैनेजर निकिता शाह ने कहा कि ठगी के आरोप निराधार हैं। उनके अनुसार अगरबत्ती का उत्पादन लगातार हो रहा है और बड़ी मात्रा में तैयार माल गोदाम में मौजूद है। उन्होंने बताया कि भुगतान में देरी केवल तब होती है, जब तैयार माल में गुणवत्ता संबंधी खामियां पाई जाती हैं। ऐसे मामलों में सही और खराब उत्पादों की जांच के बाद ही भुगतान किया जाता है।

मशीनों के खराब होने के आरोपों पर कंपनी का कहना है कि मशीनों का संचालन तय दिशा-निर्देशों के अनुसार नहीं करने से तकनीकी दिक्कतें आती हैं। वहीं, तकनीशियन उपलब्ध होने पर शिकायतों का समाधान किया जाता है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रतिदिन दो हजार रुपये तक की कमाई का दावा निश्चित शर्तों के आधार पर किया गया था।

पीड़ितों ने की शिकायत, जांच का इंतजार

दूसरी ओर, शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कंपनी ने रोजगार और बायबैक गारंटी का भरोसा देकर उनसे लाखों रुपये लिए, लेकिन बाद में वादे पूरे नहीं किए। पीड़ितों ने जनदर्शन और रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। उनका यह भी आरोप है कि शिकायत करने पर कंपनी की ओर से उन्हें कानूनी नोटिस भेजे गए।

फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है और संबंधित शिकायतों की जांच जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com