आर प्रज्ञानंद ने रचा इतिहास! सेंट लुईस रैपिड एंड ब्लिट्ज का खिताब जीता, मिला इतना पैसा

भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानंद ने अमेरिका के सेंट लुईस में आयोजित ग्रैंड चेस टूर (GCT) सेंट लुईस रैपिड एंड ब्लिट्ज़ 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है. 20 साल के भारतीय स्टार ने पूरे पांच दिनों के टूर्नामेंट के दौरान अपना दबदबा बनाए रखा और एक राउंड बाकी रहते ही इस ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया. इस मुकाबले में उनके सामने उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव थे, जो एक बार भी आगे नहीं निकल सके.
आर प्रज्ञानंद की एकतरफा जीत
प्रज्ञानंद ने रैपिड राउंड से ही टूर्नामेंट में बढ़त बना ली थी और ब्लिट्ज मुकाबलों के दौरान भी उन्होंने उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव को आगे नहीं निकलने दिया. पेनुल्टीमेट पाउंड में सिंदारोव के खिलाफ एक चुनौतीपूर्ण एंडगेम को ड्रॉ पर रोककर प्रज्ञानंद ने अपनी जीत पक्की कर ली. टूर्नामेंट के अंत में प्रज्ञानंद कुल 23.5 पॉइंट्स के साथ टॉप पर रहे और उन्होंने सिंदारोव पर 1.5 पॉइंट्स की मजबूत बढ़त के साथ पहला स्थान हासिल किया.
इस ऐतिहासिक जीत के साथ प्रज्ञानंद ने अपने करियर का पहला सेंट लुईस रैपिड एंड ब्लिट्ज खिताब जीता, जिसके तहत उन्हें 50000 डॉलर (लगभग 47 लाख रुपए) की प्राइज मनी और 13 जीसीटी पॉइंट्स मिले.
सेंट लुईस रैपिड एंड ब्लिट्ज 2026 की फाइनल स्टैंडिंग्स
- आर. प्रज्ञानंद (भारत) – 23.5 पॉइंट्स
- जावोखिर सिंदारोव (उज्बेकिस्तान) – 22 पॉइंट्स
- वेस्ले सो (अमेरिका) – 21.5 पॉइंट्स
सिंक्वेफील्ड कप और GCT फाइनल्स पर नजरें
इस जीत के साथ ही प्रज्ञानंद ग्रैंड चेस टूर 2026 की ओवरऑल पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. वह इस सीजन में फैबियानो कारुआना (25 पॉइंट्स) के ठीक पीछे 24.5 पॉइंट्स के साथ बने हुए हैं. सेंट लुईस रैपिड एंड ब्लिट्ज के खत्म होने के बाद, अब सभी टॉप खिलाड़ियों की नजरें 10 अगस्त से शुरू हो रहे सिंक्वेफील्ड कप पर टिक गई हैं. यह क्लासिकल इवेंट ग्रैंड चेस टूर फाइनल्स में जगह बनाने का आखिरी मौका होगा, जहां टॉप चार खिलाड़ी 200,000 डॉलर के इनाम के लिए भिड़ेंगे.











