YRF की पहली हॉरर फिल्म में हुई वरुण धवन की एंट्री? ऐसी है रिलीज की प्लानिंग

वरुण धवन के लिए 2026 काफी तगड़ा साबित हुआ है, वो दो फिल्मों में नजर आए हैं. सबसे पहले ‘बॉर्डर 2’ रिलीज हुई, उसके बाद ‘है जवानी तो इश्क होना है’ ने सिनेमाघरों में दस्तक दी. दोनों ही फिल्मों ने ठीक-ठाक कमाई कर ली है. वहीं, ‘नो एंट्री 2’ के अलावा उनके खाते में ‘भेड़िया 2’ भी है, जिसका जल्द ही काम किया जाएगा. साथ ही रिलीज डेट को लेकर भी अपडेट सामने आ जाएगा. अब ऐसा पता लगा है कि एक्टर YRF की पहली हॉरर फिल्म में भी दिखाई देने वाले हैं. कहा जा रहा है कि बॉलीवुड के सबसे बड़े प्रोडक्शन हाउस में से एक यश राज फिल्म्स (YRF) पहली बार हॉरर फिल्म बनाएगा. साथ ही एक नए जॉनर में कदम रखने जा रहा है.
अबतक आपने YRF को रोमांटिक और एक्शन फिल्मों से बड़े पर्दे पर धमाल मचाते हुए देखा है. पर लगता है कि मेकर्स हॉरर कहानियों की ताकत समझ गए हैं और अब इसे बनाने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. यही वजह है कि पहली हॉरर फिल्म की तैयारी हो गई है. हाल ही में बॉलीवुड हंगामा पर एक रिपोर्ट छपी. जिससे पता लगा कि YRF की पहली हॉरर फिल्म को मशहूर फिल्ममेकर अभय पन्नू डायरेक्ट करेंगे. जिन्हें सीरीज ‘रॉकेट बॉयज’ के लिए काफी प्यार मिला था.
फिल्म को लेकर क्या-क्या अपडेट आ गया है?
दरअसल वरुण धवन पहले ही हॉरर फिल्मों में नजर आ चुके हैं. आपको मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स की ‘भेड़िया’ याद है न? जिसे लोगों का गजब रिस्पॉन्स मिला था, जिसके बाद बॉक्स ऑफिस पर भी करोड़ों का कारोबार किया था. अब बारी ‘भेड़िया 2’ की है, जिसका ऐलान हो चुका है और जल्द ही पार्ट 2 पर काम होगा. इन सबके बीच YRF की फिल्म में वरुण धवन लीड रोल करते दिखेंगे. YRF की फिल्म को लेकर इसी रिपोर्ट से पता लगा कि अभय पन्नू ने ही इस आने वाली फिल्म का स्क्रीनप्ले लिखा है. वहीं, प्रोडक्शन इस साल के आखिर में शुरू होने की उम्मीद है. कहा जा रहा है 2027 में फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
वरुण धवन YRF की पहली हॉरर फिल्म में लीड रोल निभाएंगे. वहीं,अभय पन्नू डायरेक्टर की कुर्सी पर हैं, तो अक्षय विधानी इसे आगे बढ़ा रहे हैं. बताते चलें कि YRF ने हॉरर को छोड़कर लगभग हर जॉनर में फिल्में बनाई हैं. अब वरुण के अपोजिट किस एक्ट्रेस को कास्ट किया जाता है, फैन्स यह भी जानने के लिए एक्साइटेड हैं. दरअसल वरुण धवन के लिए ‘सुई धागा’ की सफलता के बाद यश राज फिल्म्स के साथ उनका दूसरा कोलैबोरेशन होगा.











