पटना में सड़क हादसे के बाद बवाल: युवक की मौत से भड़की भीड़, बस समेत 5 गाड़ियां फूंकीं, पुलिस पर पथराव

पटना। बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को सड़क हादसे के बाद जमकर हंगामा हुआ। बाईपास थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक मनीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए।

लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। कुछ ही देर में प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। आक्रोशित भीड़ ने हादसे में शामिल बस को घेरकर उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी।

दमकल टीम को भी लौटना पड़ा

आग की सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ के विरोध के कारण दमकलकर्मियों को बिना कार्रवाई किए वापस लौटना पड़ा। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।

बस के अलावा कई वाहनों में लगाई आग

हंगामा कर रही भीड़ ने बस के अलावा आसपास खड़ी चार से पांच अन्य गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया। इस दौरान पुलिस और मीडिया कर्मियों पर पथराव किए जाने की भी सूचना है। घटना के बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। तनाव को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही, वाहनों में आग लगाने और पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com