औरंगाबाद में यात्रियों से भरी स्लीपर बस पलटी, 20 घायल:सड़क पर 20 मीटर तक घिसटाई , वाराणसी से पटना आ रही थी;ट्रक से टकराने से हादसा

औरंगाबाद में 50 यात्रियों से भरी स्लीपर बस पलट गई। पलटने के बाद बस सड़क पर 20 मीटर तक घिसटाई।

हादसा रात करीब बुधवार की रात1 बजे ओवरब्रिज पार करने के बाद डाल्टनगंज मार्ग पर हुआ।

बस वाराणसी से झारखंड के रास्ते पटना जा रही थी। घटना में करीब 20 यात्री घायल हो गए।

घायलों में अधिकतर औरंगाबाद के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बस ड्राइवर समेत 3 की हालत गंभीर है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमुहार मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

हंसराज बस बुधवार की शाम उत्तर प्रदेश के वाराणसी से पटना के लिए निकली थी।

सड़क किनारे खड़े ट्रक से टक्कर की आशंका

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल के पास एक ट्रक खड़ा था। आशंका जताई जा रही है कि ट्रक से टक्ककर के बाद बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क पर पलट गई।हालांकि, पुलिस ने अभी तक ट्रक से टक्कर होने की पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद ट्रक का ड्राइवर और खलासी फरार हो गए।

आवाज सुनकर घरों से बाहर निकले लोग

यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों ने बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया और इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

हादसे में घायल यात्रियों में बघोई गांव निवासी महाराणा सिंह, सीमा कुमारी, बबलू कुमार, सत्य कुमार और बेलमती देवी शामिल हैं। इसके अलावा भैरोपुर निवासी विजय तिवारी, छतरपुर निवासी मुर्तुजा अंसारी, बस चालक बबलू पांडेय, पिंटू पांडेय समेत अन्य यात्री भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

एसडीओ ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा

सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायल यात्रियों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। एसडीओ ने अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार से घायलों की स्थिति और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com