18 साल में पहली बार बदलेगा Apple का iPhone लॉन्च नियम! जानिए 2027 में क्यों शिफ्ट हो रहा है iPhone 18

एपल की आईफोन 18 सीरीज की लॉन्च टाइमलाइन को लेकर एक बार फिर बड़ा दावा सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, एपल इस बार पूरी आईफोन 18 सीरीज को एक साथ लॉन्च करने के बजाय दो चरणों में पेश कर सकता है. प्रीमियम मॉडल सितंबर में लॉन्च हो सकते हैं, जबकि बेस आईफोन 18 और आईफोन 18ई को 2027 में पेश किए जाने की उम्मीद है. रिपोर्ट में आईफोन एयर 2 के भी इसी दौरान आने की बात कही गई है. हालांकि, ये जानकारी फिलहाल रिपोर्ट्स और अफवाहों पर आधारित है.
दो चरणों में लॉन्च हो सकती है सीरीज
आईफोन 18 सीरीज की लॉन्चिंग दो चरणों में होने की खबर लंबे समय से सामने आ रही है. नई रिपोर्ट में भी इसी दावे को दोहराया गया है. ताइवान की इकोनॉमिक डेली न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पेंटागन के एक ग्राहक अपने पारंपरिक प्रोडक्ट शिपमेंट शेड्यूल में बदलाव करने वाला है और रिपोर्ट में इसके संकेत एपल की ओर माने जा रहे हैं. सप्लाई चेन एनालिस्ट मिंग-ची कुओ की पहले की जानकारी भी एपल की शिपमेंट रणनीति में बदलाव की ओर इशारा करती है.
सितंबर में आएंगे प्रो मॉडल?
अगर ये रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो आईफोन 18 प्रो, आईफोन 18 प्रो मैक्स और आईफोन अल्ट्रा को सितंबर में ग्लोबल मार्केट में लॉन्च किया जा सकता है. वहीं, आईफोन 18, आईफोन 18ई और आईफोन एयर 2 को भारत समेत ग्लोबल मार्केट में मार्च 2027 के आसपास पेश किए जाने की खबर है. एपल आमतौर पर हर साल सितंबर में आईफोन की नई नंबर सीरीज लॉन्च करता है और इसके कुछ महीनों बाद ‘ई’ मॉडल पेश करता है. इस बार कंपनी इस सामान्य रणनीति में बदलाव कर सकती है.
आईफोन 18 के फीचर्स और कैमरा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईफोन 18 में 6.3 इंच का एलटीपीओ सुपर रेटिना एक्सडीआर ओएलईडी डिस्प्ले मिल सकता है, जो 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट और 3,000 निट्स तक पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करेगा. फोन में ए20 प्रोसेसर के साथ 8 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज मिलने की खबर है. इसमें 4,000 एमएएच बैटरी और 25 वॉट वायरलेस मैगसेफ चार्जिंग सपोर्ट मिलने की भी उम्मीद है.
कैमरा की बात करें तो आईफोन 18 में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिल सकता है. इसमें ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन यानी ओआईएस के साथ 48 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा और 48 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड कैमरा शामिल होने की खबर है. सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 18 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिल सकता है.
भारत में इतनी हो सकती है कीमत
आईफोन 18 के 256 जीबी स्टोरेज मॉडल की भारत में कीमत 85,900 रुपये होने की खबर है. लॉन्च डेट को लेकर रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि आईफोन 18 को भारत में करीब 15 मार्च 2027 को लॉन्च किया जा सकता है. इसी दौरान आईफोन एयर 2 और आईफोन 18ई को भी पेश किए जाने की उम्मीद है. हालांकि, लॉन्च डेट और कीमत दोनों फिलहाल अफवाहों और रिपोर्ट्स पर आधारित हैं.











