151 किमी कांवड़ यात्रा का चौथा दिन: भावना बोहरा संग मोहतरा पहुंची यात्रा, जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

पंडरिया, 13 अगस्त 2026। माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में निकली 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा चौथे दिन भी आस्था, भक्ति और उत्साह के साथ जारी रही। करीब 600 कांवड़ यात्रियों के साथ विधायक भावना बोहरा ने बारिश और वनांचल के कठिन रास्तों के बावजूद यात्रा को आगे बढ़ाया। चौथे दिन कांवड़ यात्रा गौरकांपा से मोहतरा पहुंची।

चौथे दिन की यात्रा का शुभारंभ गौरकांपा स्थित शनिदेव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुआ। भगवान शनिदेव के दर्शन और पूजन के बाद कांवड़ यात्री मोहतरा की ओर रवाना हुए। रास्ते में गौरकांपा, भरेवापारा, कलपी, समनापुर बांध, पुतकी, दलपुरवा, रमतला और मोहतरा में भाजपा पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, सामाजिक एवं हिंदू संगठनों तथा क्षेत्रवासियों ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया।

इस दौरान पूरा क्षेत्र “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंज उठा। बारिश और दुर्गम रास्तों के बावजूद कांवड़ यात्रियों का उत्साह लगातार बना रहा और बड़ी संख्या में शिवभक्त विधायक भावना बोहरा के साथ यात्रा में शामिल होकर आगे बढ़ते रहे।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक पदयात्रा नहीं, बल्कि आस्था, संस्कार, संस्कृति, पर्यावरण और प्रदेश की सुख-शांति के संकल्प का आध्यात्मिक अभियान है। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली आए, प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे और आने वाली पीढ़ियां अपनी संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जुड़ी रहें।

उन्होंने कहा कि कठिन रास्ते और तेज बारिश भी कांवड़ यात्रियों के संकल्प को रोक नहीं सकती। माँ नर्मदा और भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से यात्रा अपने पवित्र उद्देश्य को जरूर प्राप्त करेगी। यात्रा के दौरान विभिन्न गांवों में मिल रहे लोगों के स्नेह और स्वागत को उन्होंने क्षेत्रवासियों की आस्था और जनसहभागिता का प्रतीक बताया।

विधायक बोहरा ने बताया कि पांचवें दिन कांवड़ यात्रा ग्राम डोंगरिया स्थित जलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां माँ नर्मदा के पवित्र जल से भगवान जलेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद यात्रा अपने अंतिम पड़ाव भोरमदेव महादेव मंदिर की ओर बढ़ेगी, जहां भगवान भोरमदेव का जलाभिषेक कर 151 किलोमीटर की इस आध्यात्मिक एवं संकल्प यात्रा का विधिवत समापन होगा।

उन्होंने यात्रा में शामिल सभी कांवड़ यात्रियों, सामाजिक एवं हिंदू संगठनों, क्षेत्रवासियों तथा भाजपा के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। यात्रा के दौरान लगातार गूंज रहे “बोल बम” और “हर हर महादेव” के जयघोष ने इसे आस्था, भक्ति, संस्कृति और जनसहभागिता के जीवंत उत्सव में बदल दिया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com