बोट क्लब पर निकली नौका तिरंगा यात्रा… धरती-जल-नभ में दिखा रंगारंग नजारा, सरकार ने बताया- नए संकल्प का समय

मेरा रंग दे बसंती चोला…’ जैसे गीतों से मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के प्रसिद्ध बोट क्लब का माहौल देशभक्तिमय हो गया. 13 अगस्त को यहां जहां देखो, वहां तिरंगा ही तिरंगा दिखाई दिया. धरती-जल-नभ, तीनों जगह तिरंगे के रंगों में रंगे नजर आईं. युवा खिलाड़ियों ने कयाकिंग-कनोइंग से ऐसे-ऐसे करतब किए कि लोग देखते ही रह गए. उन्होंने केनो सलालम शो के जरिये तिरंगे को सलाम किया.
इतना ही नहीं, बोट क्लब पर देश में पहली बार तालाब के बीच फ्लोटिंग तिरंगा भी बनाया गया. मौका था स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर निकाली जा रही विशाल नौका तिरंगा यात्रा का. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस यात्रा का न केवल शुभारंभ किया, बल्कि खुद भी नौका में बैठकर देश सेवा का संदेश दिया. इस दौरान कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद थे.
आज बोट क्लब पर अद्भुत आयोजन
इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज बोट क्लब पर अद्भुत आयोजन किया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोकतंत्र फल-फूल रहा है. उनके नेतृत्व में भारत ने दुनिया के सामने अलग पहचान बनाई है. दुनिया का सबसे युवा देश भारत है. भारत अपने सामर्थ्य के साथ, अपनी क्षमता के साथ समृद्धि के मार्ग पर चल रहा है. उन्होंने कहा कि यह अद्भुत संयोग है. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अलग-अलग राज्य जन-कल्याण का काम कर रहे हैं.
UCC के साथ बड़े राज्यों में शामिल MP
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि हमारे प्रदेश में समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code-UCC) लागू होने जा रहा है. इसके साथ ही हमारा प्रदेश देश के बड़े राज्यों में शामिल हो गया है. राज्य में समानता का पवित्र भाव आ गया है. यहां धर्मों के आधार पर व्यक्ति से व्यक्ति के बीच कोई अंतर नहीं होगा. क्या हिंदू-क्या मुस्लमान-क्या पारसी-क्या ईसाई, सभी के लिए समान कानून होगा. उन्होंने कहा कि जब हम अपनी आजादी के साथ-साथ दुनिया में होने वाली हलचल को देखते हैं तो देश पर गर्व होता है. हमारी तीनों सेनाएं अद्भुत पराक्रम करती हैं. आज देश ने अभूतपूर्व सार्मथ्य हासिल किया है.
युवाओं ने दिखाई संकल्प शक्ति
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि आज की जल में निकाली गई तिरंगा यात्रा अद्भुत है. हमारे खिलाड़ियों ने तिरंगा लेकर अभूतपूर्व प्रदर्शन किया है. इसका रोमांच देखते ही बनता है. यह प्रदर्शन बताता है कि जीवन में समान समय नहीं रहता. संकल्प शक्ति समय के साथ चलती है. ये खिलाड़ी इसी तरह समुद्र में चट्टानी लहरों से टकराते हैं. जीवन-मृत्यु के संघर्ष के बीच अपने संकल्प-कौशल के बलबूते सिद्धता दिखाते हैं. आज देश और दुनिया देख रही है कि नौका के माध्यम से भी तिरंगा यात्रा होती है.
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का अद्भुत रिकॉर्ड बन रहा है. आज यहां चारों तरफ तिरंगा ही तिरंगा दिखाई दे रहा है. परमात्मा करे हमारे देश पर किसी की नजर न लगे. हमारा देश सर्वशक्तिमान हो-सामर्थ्यवान हो. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम सभी देश को आगे बढ़ाएं और अमृत काल की ओर सक्षमता के साथ चलें. मैं इस तिरंगा यात्रा के लिए सभी को बधाई देता हूं.











