गुरु बनाने को लेकर किन्नरों के दो गुट भिड़े, मिर्ची पाउडर छिड़कने और बाल पकड़कर घसीटने के आरोप; दोनों पक्षों पर FIR

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद सामने आया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, धमकी और अभद्रता करने के आरोप लगाए हैं। एक पक्ष ने मिर्ची पाउडर छिड़ककर मारपीट करने का आरोप लगाया, जबकि दूसरे पक्ष ने बाल पकड़कर कमरे से बाहर घसीटने की शिकायत की है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है।

रजिया खुरसेल किन्नर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने गुरु भाई अलिशा किन्नर के घर खाना खाने गई थी। वहां से लौटते समय नाई मोहल्ले के पास उसे पूजा, राजा और लाडो मिले। आरोप है कि तीनों उसे अपना गुरु बनाने की बात कहकर अपने घर ले गए। घर पहुंचने के बाद उसके साथ मारपीट की गई। रजिया का आरोप है कि पूजा किन्नर ने उसके चेहरे और शरीर पर मिर्ची पाउडर भी छिड़क दिया।

दूसरे पक्ष ने घर में घुसकर मारपीट का लगाया आरोप

दूसरी ओर पूजा सोनी किन्नर ने शिकायत में आरोप लगाया कि रजिया खुरसेल अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंची और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगी। पूजा के मुताबिक, उस समय देवी किन्नर समेत चार-पांच अन्य लोग भी वहां मौजूद थे। आरोप है कि विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की गई और बाल पकड़कर कमरे से बाहर तक घसीटा गया। इससे उसके सिर के पीछे चोट आने की बात भी शिकायत में कही गई है।

पुरानी रंजिश और धमकी के भी आरोप

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पूजा का आरोप है कि उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं और पहले भी विवाद किया जा चुका है। पुलिस ने दोनों शिकायतों को दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटनाक्रम, दोनों पक्षों के आरोप और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com