एम्स दीक्षांत समारोह के निमंत्रण पत्र को लेकर विवाद, सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधियों के नाम गायब

रायपुर एम्स के आगामी दीक्षांत समारोह के आमंत्रण पत्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आमंत्रण पत्र में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल का नाम शामिल नहीं होने की बात सामने आई है। इसके अलावा एम्स सलाहकार समिति के सदस्य सांसद विजय बघेल, विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे का नाम भी अतिथियों की सूची में नहीं है। इसे लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी की चर्चा है।
2 सितंबर को होगा दीक्षांत समारोह
रायपुर एम्स का दीक्षांत समारोह आगामी 2 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शामिल होंगे। समारोह की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकास शील ने हाल ही में उच्च स्तरीय बैठक की थी। बैठक में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। बैठक में एम्स के अधिकारी भी मौजूद रहे।
इन प्रमुख लोगों के नाम आमंत्रण पत्र में शामिल
सामने आए आमंत्रण पत्र में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अनुप्रिया पटेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, एम्स रायपुर के अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा और कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) के नाम दर्ज हैं।
जनप्रतिनिधियों के नाम नहीं होने पर नाराजगी
आमंत्रण पत्र में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के नाम नहीं होने को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी की चर्चा है। सोशल मीडिया पर कुछ कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि सांसद और विधायकों की उपेक्षा को लेकर शिकायत किससे की जाए और सुनवाई कौन करेगा। इसी मुद्दे को लेकर कार्यकर्ताओं द्वारा अपनी बात सार्वजनिक किए जाने की बात सामने आई है।
संगठन और सरकार के बीच दूरी की चर्चा
सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया गया है कि पिछले करीब एक साल से भाजपा संगठन के नेताओं और राज्य सरकार तथा केंद्रीय नेतृत्व के बीच छत्तीसगढ़ से जुड़े कुछ मामलों को लेकर दूरी बनी हुई है। हालांकि, आमंत्रण पत्र में जनप्रतिनिधियों के नाम शामिल नहीं होने के पीछे आयोजकों की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।











