बिल बकाया पर बिजली विभाग की सख्ती, बिलासपुर में 5 हजार स्ट्रीट लाइटें बंद

बिजली बिल के बकाये को लेकर बिलासपुर में बिजली विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर में 15 से अधिक स्थानों की स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन काटे गए हैं। इसके चलते करीब 5 हजार स्ट्रीट लाइटें बंद हो गई हैं। विनोबा नगर, विद्या नगर और सरकंडा समेत कई इलाकों में इसका असर देखने को मिल रहा है।
सरकारी दफ्तरों पर भी होगी कार्रवाई
बिजली विभाग अब सरकारी कार्यालयों पर भी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। बिलासपुर संभाग के करीब 100 सरकारी कार्यालयों के 20,577 कनेक्शन बकाया सूची में शामिल हैं। विभाग के अनुसार पुराने बकाये के साथ तीन महीने की अग्रिम राशि जमा नहीं करने पर संबंधित कनेक्शन काटे जा सकते हैं।
नगर निगम पर करोड़ों का बकाया
बिलासपुर नगर निगम पर बिजली बिल का करीब 309.94 करोड़ रुपये बकाया बताया गया है। बकाया राशि के मामले में बिलासपुर प्रदेश में रायपुर के बाद दूसरे स्थान पर है। बिजली विभाग की कार्रवाई से शहर के कई इलाकों में स्ट्रीट लाइट बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।











