चमोली सुरंग हादसे में कोंडागांव के 4 मजदूरों की मौत, 2 घायल; CM साय ने सहायता राशि देने के दिए निर्देश

उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन सुरंग में पानी भरने से हुए हादसे में कोंडागांव जिले के चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो श्रमिक घायल हुए हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
कोंडागांव के चार श्रमिकों की गई जान
हादसे में कोंडागांव जिले के ग्राम धनसुली के दो श्रमिकों की मौत हुई है। इसके अलावा मडानार और दहीकोंगा गांव के एक-एक श्रमिक ने भी हादसे में जान गंवाई। जिले के दो अन्य श्रमिक घायल बताए गए हैं। सभी मृत श्रमिकों के पार्थिव शरीर कोंडागांव लाए गए, जहां परिजनों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि इस मुश्किल घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने भी जताई संवेदना
जिला प्रशासन ने हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों की जरूरतों के अनुसार सहायता मुहैया कराई जा रही है।











