गृहमंत्री विजय शर्मा की दो टूक: जंगलों से माओवाद खत्म, अब दिमाग से निकालेंगे विचारधारा; 1300 पुराने मामलों की समीक्षा जारी

दुर्ग, 22 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने दुर्ग प्रवास के दौरान माओवाद को लेकर सरकार की रणनीति स्पष्ट की। भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होने के बाद मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई से जंगलों के बड़े हिस्से से माओवाद को पीछे धकेलने में सफलता मिली है। अब सरकार का लक्ष्य माओवादी हिंसा और उसकी विचारधारा को भी जड़ से खत्म करना है।

विजय शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछने और उसकी आलोचना करने का अधिकार सभी को है, लेकिन हिंसा, अराजकता और राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

1300 पुराने मामलों की समीक्षा

गृहमंत्री ने जेलों में बंद आरोपियों से जुड़े पुराने प्रकरणों को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब 1300 पुराने मामलों की बारीकी से समीक्षा की जा रही है। इन मामलों को जनहानि, केंद्रीय कानूनों के तहत अपराध और अन्य आधारों पर अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है।

फिलहाल उन मामलों को प्राथमिकता से देखा जा रहा है, जिनमें जनहानि नहीं हुई है और केंद्रीय कानून लागू नहीं होता। प्रत्येक मामले का नियमों के तहत परीक्षण करने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

वंदे मातरम और तिरंगे को बताया राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक

विजय शर्मा ने वंदे मातरम और राष्ट्रध्वज तिरंगे को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि ये किसी राजनीतिक दल के नहीं, बल्कि पूरे देश के स्वाभिमान और राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि देश अब अपने मान-बिंदुओं और राष्ट्रीय स्वाभिमान के साथ मजबूती से आगे बढ़ रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com