कृषि विश्वविद्यालय पेपर लीक: प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार, परीक्षा से 2 घंटे पहले WhatsApp पर वायरल हुआ था प्रश्नपत्र

रायपुर, 22 अगस्त 2026। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) की बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष के दूसरे सेमेस्टर की कीट विज्ञान परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में दुर्ग के एक निजी कॉलेज के प्रोफेसर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
20 अगस्त को होने वाली परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले WhatsApp पर वायरल हो गया था। जानकारी सामने आते ही विश्वविद्यालय प्रबंधन ने परीक्षा रद्द कर दी। कवर्धा कॉलेज के अधिष्ठाता और बिलासपुर के एक कॉलेज की ओर से ई-मेल के माध्यम से शिकायत मिलने के बाद तेलीबांधा थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
पांच जिलों में छापेमारी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने रायपुर, दुर्ग, कवर्धा, राजनांदगांव और बिलासपुर में छापेमारी की। तकनीकी जांच और मोबाइल चैट के आधार पर पुलिस उस नेटवर्क तक पहुंची, जिसके जरिए प्रश्नपत्र छात्रों तक पहुंचाया गया था।
जांच में सामने आया कि प्रश्नपत्र दुर्ग से कवर्धा के छात्रों तक पहुंचा, जिसके बाद WhatsApp ग्रुप के जरिए इसे अन्य विद्यार्थियों में प्रसारित किया गया। पुलिस ने कई छात्रों से भी पूछताछ की है। कवर्धा के दो छात्रों को नोटिस देकर रायपुर बुलाया गया है।
मोबाइल और डिजिटल साक्ष्य जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि प्रश्नपत्र सबसे पहले किस मोबाइल से बाहर निकला और इसे किन-किन नंबरों पर भेजा गया।
पुलिस पूरे नेटवर्क के मूल स्रोत और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।











