कर्नाटक: ED की रेड के बाद बेंगलुरु एयरपोर्ट से IAS अधिकारी लापता, मोबाइल भी बंद, तलाश में जुटी पुलिस

कर्नाटक के आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार रहस्यमय ढंग से लापता हो गए हैं. बताया जा रहा है कि गुरुवार (20 अगस्त) की सुबह वो बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गए थे, इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया. तब से उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है. फिलहाल उनकी तलाश की जा रही है. वहीं अधिकारी के अचानक लापता होने का मामला सूबे में चर्चा का विषय बन गया है.

जानकारी के मुताबिक ज्ञानेंद्र कुमार ने दिल्ली के लिए फ्लाइट का टिकट बुक कराया था. वो घर से दिल्ली जाने की बात कहकर हवाई अड्डे के लिए निकले थे. लेकिन फ्लाइट में उनके सवार होने की कोई जानकारी नहीं. उनके लापता होने की खबर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की उस छापेमारी के बाद आई है, जो पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती में कथित अनियमितताओं से जुड़ी है.

ज्ञानेंद्र कुमार का फोन बंद

पुलिस के अनुसार, ज्ञानेंद्र कुमार से फोन पर संपर्क नहीं हो पा रहा है. बताया जा रहा है कि उनका अपने परिवार से भी कोई संपर्क नहीं है. उनका मोबाइल फोन भी बंद जा रहा है, जिससे उनके ठिकाने को लेकर चिंता और बढ़ गई है. परिवार भी उनको लेकर चिंतित है.

कौन हैं ज्ञानेंद्र कुमार

अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार वर्तमान में एमएसएमई के प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत हैं. इससे पहले वे केपीएससी में काम कर चुके हैं और मार्च तक इसके परीक्षा नियंत्रक के रूप में कार्यरत थे. जनवरी में, उन्हें पशु चिकित्सा अधिकारी के पद के लिए आयोजित परीक्षा की देखरेख का भी जिम्मा सौंपा गया था.

ईडी की रेड के बाद हुए लापता

उनके लापता होने की खबर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की उस छापेमारी के बाद आई है, जो पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती में कथित अनियमितताओं से जुड़ी है. बुधवार को ईडी ने छापेमारी की थी. इससे यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या ये दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं. हालांकि, अभी तक इस बात की कोई पुष्टि नहीं हुई है कि ईडी की कार्रवाई ही उनके लापता होने की वजह है.

खबरों के मुताबिक, जांच एजेंसियां ​​मामले के कई पहलुओं की जांच कर रही हैं, जिनमें केपीएससी में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान ज्ञानेंद्र कुमार की भूमिका भी शामिल है. ईडी की छापेमारी के अगले दिन उनके लापता होने से संदेह पैदा हो रहा है.

मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस

एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ने नगर पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह को ज्ञानेंद्र कुमार के लापता होने की सूचना दी है. जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारी की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वो हवाई अड्डे से कहां गए. पुलिस हवाई अड्डे के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि कोई सुराग मिल सके.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com