आर्यन खान ला रहे हैं ‘द बास्टर्ड्स ऑफ बॉलीवुड’ का सीजन 2? राइटर ने दिया बड़ा अपडेट

शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने साल 2025 में The Ba**ds of Bollywood* से बतौर डायरेक्टर अपना डेब्यू किया था. नेटफ्लिक्स की इस सात एपिसोड वाली सीरीज में बॉलीवुड की चमक-दमक के साथ-साथ इंडस्ट्री के अंदर की उथल-पुथल और मजेदार पहलुओं को ‘मजाकिया’ अंदाज में दिखाया गया था. सीरीज में लक्ष्य, बॉबी देओल, राघव जुयाल और सहर बंबा जैसे कलाकार नजर आए थे. इसके अलावा कई बड़े सितारों ने इसमें कैमियो भी किए थे.

रिलीज के बाद यह सीरीज काफी चर्चा में रही और नेटफ्लिक्स की ग्लोबल टॉप 10 लिस्ट में भी जगह बनाने में कामयाब रही थी. अब इसकी सफलता के बाद फैंस इसके दूसरे सीजन का इंतजार कर रहे हैं. इस बीच सीरीज के राइटर बिलाल सिद्दीकी ने सीजन 2 को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. उनके मुताबिक, नेटफ्लिक्स और शाहरुख खान की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बीच दूसरे सीजन को लेकर बातचीत चल रही है.

‘द बास्टर्ड्स ऑफ बॉलीवुड 2’ पर चल रही है बातचीत

बिलाल सिद्दीकी इन दिनों इमरान हाशमी की फिल्म आवारापन 2 को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. उन्होंने एनडीटीवी से बातचीत में The Ba**ds of Bollywood* के दूसरे सीजन के बारे में बात की. बिलाल ने पहले सीजन की कहानी आर्यन खान और मानव चौहान के साथ मिलकर लिखी थी. सीजन 2 के बारे में पूछे जाने पर बिलाल ने कहा कि उन्हें भी उम्मीद है कि इसका अगला सीजन आएगा. उन्होंने बताया कि रेड चिलीज और नेटफ्लिक्स इस समय आपस में बातचीत कर रहे हैं और कुछ चीजों पर पहले चर्चा होनी बाकी है. बिलाल ने कहा कि पहला सीजन बनाने में उन्हें काफी मजा आया और अगर मौका मिला तो वह दोबारा उसी टीम के साथ काम करना पसंद करेंगे.

आर्यन के साथ काम करने का एक्सपीरियंस भी शेयर किया

बिलाल ने आर्यन खान के साथ काम करने के अनुभव के बारे में भी बात की. उन्होंने बताया कि आर्यन, मानव और उनके बीच फिल्मों और ह्यूमर को लेकर काफी अच्छी समझ थी. तीनों की पसंद कई मामलों में एक जैसी थी, जिसकी वजह से सीरीज पर काम करना आसान रहा. बिलाल के मुताबिक, आर्यन को इस बात की अच्छी समझ है कि उनके आसपास क्या कहा और किया जा रहा है. साथ ही उनका सेंस ऑफ ह्यूमर भी काफी अच्छा है. उन्होंने बताया कि तीनों की क्रिएटिव सोच इतनी मिलती थी कि शो पर काम करते समय उनके बीच किसी बड़ी बात को लेकर असहमति नहीं हुई.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com