पेट्रोल डालकर 4 लोगों को लगाई आग, ईद मिलादुन्नबी की तैयारी के बीच बड़ा हमला

ईद मिलादुन्नबी की तैयारियों के बीच मऊगंज जिले में हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया. यहां के लौर थाना क्षेत्र के अलहौवा गांव में एक व्यक्ति ने ईद मिलादुन्नबी की तैयारी कर रहे लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना में चार लोग झुलस गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है. गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

बताया जा रहा है कि 26 अगस्त को होने वाले ईद मिलादुन्नबी पर्व की तैयारियां चल रही थीं. इसी दौरान शाम करीब 7 बजे गांव का ही निवासी राम रईस जायसवाल पेट्रोल लेकर मौके पर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी.

देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. घटना में अजहरुद्दीन उर्फ राजू गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसे बचाने के प्रयास में मोहम्मद सद्दाम, अनवर अली और अजहरुद्दीन का भाई अतीक अहमद भी घायल हो गए.

गंभीर रूप से घायल अजहरुद्दीन को तत्काल रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

इस मामले में घायल अजहरुद्दीन का कहना है, “हम दुकान के पास खड़े थे. तभी राम रईस जायसवाल ने हम पर पेट्रोल डालकर माचिस मार दी. हमने पेट्रोल बुझाया. हमारी उससे कौन-सी दुश्मनी है?”

वहीं, मौके पर मौजूद सद्दाम हुसैन का कहना है, “हम लोग सजावट कर रहे थे. तीन दिन से गांव में लाइट नहीं है, इसलिए गांव में अंधेरा था. हम लोग पोर्च के नीचे बैठे थे. फूल-वगैरह लगाने थे. ट्रॉली में सजावट का सामान था और ट्रॉली हमारे गांव में खड़ी थी. ईद मिलादुन्नबी 26 तारीख को है, उसी की तैयारी में हम लोग लगे थे. अंधेरा था. कुछ लोग लाइट ठीक कराने गए थे और कुछ लोग वहीं पास में बैठे थे.’

उन्होंने आगे बताया कि, ‘हम चार लोग बैठे थे, तभी वह चुपके से आया. अंधेरा होने के कारण कोई उसे देख नहीं पाया. उसके हाथ में एक बोतल थी, जिसमें पेट्रोल था. उसने पेट्रोल डाल दिया और लाइटर से आग लगा दी. इसके बाद वह तुरंत भाग गया. हम लोग यह सोचने लगे कि उसे पकड़ें या आग बुझाएं. वह जल रहा था और नीचे से ऊपर तक आग लगी हुई थी. हम लोगों ने आग बुझाई. तब तक वह भाग गया. इसके बाद हम उसे लेकर रीवा आ गए.”

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close