छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट, बलरामपुर में बांध टूटा; खेतों में भरा पानी

छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश के कई हिस्सों में आज बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। दक्षिण उत्तर प्रदेश और उससे लगे उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
बलरामपुर में बांध टूटने से फसल को नुकसान
बलरामपुर जिले के ग्राम तेतरडीह में मंगलवार दोपहर कृषि विभाग का बांध टूट गया। बांध का पानी खेतों में भरने से धान की फसल को नुकसान हुआ है। क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
अगले 24 घंटे सक्रिय रहेगा मानसून
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
दुर्ग में सबसे अधिक तापमान
प्रदेश में बुधवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में आज गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
प्रदेश में सामान्य से 2 प्रतिशत कम बारिश
इस मानसूनी सीजन में छत्तीसगढ़ में अब तक औसत बारिश सामान्य स्थिति के करीब है। प्रदेश में सामान्य से करीब 2 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।











