शिव महापुराण कथा में वाहन चोरों का आतंक, 7 दिन में 7 दोपहिया चोरी

भिलाई के जयंती स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक आयोजित शिव महापुराण कथा के दौरान वाहन चोरी की घटनाओं ने श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी। कथा में रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे थे। इसी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने कथा स्थल के आसपास खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाया। सात दिनों में 7 वाहन चोरी होने की शिकायतें पुलिस तक पहुंची हैं। इनमें 5 बाइक और 2 स्कूटी शामिल हैं। चोरी हुए वाहनों की कुल कीमत करीब 1.38 लाख रुपए बताई गई है।
एक ही दिन दो बाइक चोरी
20 अगस्त को टी. चंदु राव पत्नी के साथ कथा सुनने पहुंचे थे। उन्होंने सुबह करीब 11 बजे होंडा बाइक पार्किंग में खड़ी की और पंडाल में चले गए। दोपहर करीब 3 बजे लौटने पर बाइक गायब मिली। वाहन की कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है।
22 अगस्त को शंकर लाल साहू और दर्शन लाल फुल्लारे की बाइक चोरी हुई। शंकर लाल ने दोपहर करीब 1 बजे हीरो पैशन प्रो बाइक एसपीए रोड के किनारे खड़ी की थी। शाम 5 बजे लौटने पर बाइक नहीं मिली। इसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है। इसी दिन दर्शन लाल की हीरो पैशन प्रो बाइक भी चोरी हो गई। उन्होंने इसे सुबह करीब 10:30 बजे खड़ा किया था और शाम 5 बजे लौटने पर वाहन गायब मिला। इसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है।
15 मिनट में स्कूटी चोरी
देव कुमार साहू होंडा डियो स्कूटी से कथा स्थल पहुंचे थे। उन्होंने रात करीब 9 बजे स्कूटी खड़ी कर पंडाल में प्रवेश किया। करीब 15 मिनट बाद लौटे तो स्कूटी गायब थी। इसकी कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है।
आशीष चंदेल भी स्प्लेंडर प्लस बाइक से कथा सुनने पहुंचे थे। उन्होंने सुबह करीब 10:30 बजे हैलीपैड के पास बाइक खड़ी की थी। शाम 4 बजे लौटने पर बाइक नहीं मिली। इसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है।
मां के साथ आई युवती की एक्टिवा भी गायब
ज्योति साहू 20 अगस्त को अपनी मां के साथ एक्टिवा से कथा सुनने पहुंची थीं। उन्होंने गणेश द्वार के पास स्कूटी खड़ी की और पंडाल में चली गईं। अगले दिन शाम करीब 5 बजे लौटने पर स्कूटी गायब मिली। स्कूटी की डिक्की में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेज भी रखे हुए थे।
एक अन्य मामले में चुम्मन लाल देवांगन साले के नाम दर्ज स्प्लेंडर प्लस बाइक से कथा सुनने पहुंचे थे। उन्होंने रात करीब 7:30 बजे बाइक हैलीपैड के पास खड़ी की थी। रात 10:30 बजे लौटने पर बाइक गायब मिली। इसकी कीमत करीब 8 हजार रुपए बताई गई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
लगातार वाहन चोरी की शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कथा स्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सभी वारदातों के पीछे एक ही गिरोह है या अलग-अलग चोर सक्रिय थे।
भीड़भाड़ वाले कथा स्थल के आसपास लगातार वाहन चोरी की घटनाएं सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।











