सांसद का दावा- नींबू काटकर प्रार्थना की तो रुक गई बारिश, कांग्रेस ने कसा तंज

छत्तीसगढ़ के कांकेर से भाजपा सांसद भोजराज नाग का बारिश रोकने को लेकर दिया गया बयान चर्चा में है। डौंडीलोहारा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यक्रम के दौरान सांसद ने दावा किया कि उन्होंने बूढ़ादेव और महादेव से प्रार्थना कर नींबू काटा, जिसके बाद बारिश रुक गई। उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान किया बारिश रुकने का दावा
दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को डौंडीलोहारा पहुंचे थे। यहां उन्होंने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी की। कार्यक्रम के दौरान खराब मौसम को लेकर सांसद भोजराज नाग ने कहा कि मुख्यमंत्री का प्रोटोकॉल रात करीब 12 बजे जारी हुआ था। मौसम खराब होने के बावजूद कार्यक्रम सफल कराने के लिए उन्होंने बूढ़ादेव और महादेव से प्रार्थना की और नींबू काटकर बारिश रोक दी।
सांसद ने कहा कि कार्यक्रम सफल हो गया है, अब पानी को गिरना है तो गिरे। उनके बयान पर मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत अन्य नेताओं के चेहरे पर मुस्कान दिखाई दी और सभा में ठहाके भी गूंजे।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने सांसद के दावे पर सवाल उठाए। कई लोगों ने इसे लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए कहा कि अब नींबू काटकर गैस सिलेंडर और बिजली बिल के दाम भी कम करवा दीजिए।
कांग्रेस ने साधा निशाना
सांसद के बयान पर कांग्रेस ने भी तंज कसा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि अगर नींबू काटने से बारिश रुक सकती है तो नींबू काटकर महंगाई भी रोक देनी चाहिए। उन्होंने पेट्रोल और शक्कर के दाम कम कराने के साथ बिजली के बिल भी कम करवाने की बात कही।
पहले भी नींबू को लेकर बयान दे चुके हैं सांसद
भोजराज नाग इससे पहले भी नींबू को लेकर दिए गए बयानों के कारण चर्चा में रह चुके हैं। करीब नौ महीने पहले धमतरी में उन्होंने कहा था कि जो अधिकारी जनता की समस्याओं पर फोन नहीं उठाएंगे और शिकायतों का समाधान नहीं करेंगे, उनके लिए नींबू काटेंगे। इसके बाद भी उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक बहस हुई थी।











