रायपुर में 30 स्पा सेंटरों की एक साथ जांच : 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी उतरे मैदान में, दो सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं

रायपुर, 30 अगस्त 2026। राजधानी में संचालित स्पा सेंटरों में नियमों के पालन और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार को बड़ा जांच अभियान चलाया। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ जांच की गई। कार्रवाई के लिए 15 पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जिसमें राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई से स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही। टीमों ने सेंटरों में पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं, दस्तावेजों और कर्मचारियों से जुड़े रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की।

तीनों जोन में एक साथ पहुंचीं पुलिस टीमें

पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन के डीसीपी तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन की डीसीपी दीपमाला कश्यप के निर्देशन में तीनों जोन में कार्रवाई की गई। सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में गठित टीमों ने अलग-अलग स्पा सेंटरों की जांच की।

पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेंटर संचालकों एवं कर्मचारियों से पूछताछ की। साथ ही सेंटर संचालन से जुड़े जरूरी दस्तावेज और रिकॉर्ड भी सत्यापित किए गए।

ग्राहक और स्टाफ रजिस्टर की जांच

जांच के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटरों में रखे ग्राहकों के रजिस्टर, स्टाफ रजिस्टर और कर्मचारियों से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। सेंटरों में लगे सीसीटीवी कैमरों, उनकी रिकॉर्डिंग क्षमता और फुटेज सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी देखी गई।

इसके अलावा संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन की स्थिति की जांच की गई। कर्मचारियों की आयु से संबंधित दस्तावेज भी देखे गए। पुलिस ने यह भी जांचा कि सेंटर में काम करने वाले कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड संचालकों के पास मौजूद है या नहीं।

लीज और स्वामित्व के दस्तावेज भी खंगाले

पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों के लीज, किराया और स्वामित्व से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की। सेंटर संचालन के लिए आवश्यक अनुमतियां और अन्य जरूरी अभिलेख देखे गए।

टीमों ने सेंटर के परिसर की व्यवस्था और वहां संचालित गतिविधियों का भी जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य स्पा सेंटरों की आड़ में किसी भी तरह की प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधियों को रोकना और नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।

दो स्पा सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं

जांच के दौरान पुलिस को दो स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं। इनमें डीडी नगर थाना क्षेत्र का एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र के अंबुजा मॉल में संचालित ला थाई स्पा सेंटर शामिल हैं।

पुलिस ने यहां मिली आपत्तिजनक वस्तुओं के संबंध में संबंधित मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान सामने आए नियमों के उल्लंघन और अन्य अनियमितताओं के आधार पर संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगी निगरानी

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि स्पा सेंटरों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। यह जांच अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा। भविष्य में भी स्पा सेंटरों का निरीक्षण और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।

पुलिस ने कहा कि यदि किसी सेंटर में नियमों का उल्लंघन या संदिग्ध गतिविधि पाई जाती है तो संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close