महिंद्रा की इलेक्ट्रिक SUV हुई 7-8 लाख रुपये तक सस्ती, BaaS स्कीम का मिलेगा फायदा

महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपनी बैटरी-ऐज-ए-सर्विस यानी BaaS स्कीम का विस्तार पूरी Origin सीरीज इलेक्ट्रिक SUV रेंज तक कर दिया है. अब BE 6 SPORTEQ, XEV 9S और XEV 9e के सभी वेरिएंट इस स्कीम के तहत खरीदे जा सकेंगे. इसमें बैटरी की पूरी कीमत गाड़ी के साथ एक बार में नहीं देनी होगी. बैटरी की फाइनेंसिंग अलग होगी और इस्तेमाल के हिसाब से प्रति किलोमीटर भुगतान करना होगा. इससे महिंद्रा की इलेक्ट्रिक SUV खरीदना 7 से 8 लाख रुपये तक सस्ता होने वाला है.
तीनों इलेक्ट्रिक SUV पर लागू हुई स्कीम
महिंद्रा ने BaaS प्रोग्राम को अब अपनी पूरी ओरिजिन सीरीज इलेक्ट्रिक SUV रेंज में लागू कर दिया है. इसके तहत BE 6 SPORTEQ के सभी वेरिएंट के साथ पहली बार XEV 9S और XEV 9e को भी शामिल किया गया है. BaaS में गाड़ी और बैटरी की कीमत को अलग कर दिया जाता है. ग्राहक गाड़ी की कीमत की फाइनेंसिंग अलग और बैटरी की फाइनेंसिंग अलग कराते हैं. बैटरी के इस्तेमाल के लिए दूरी के हिसाब से भुगतान करना होता है. महिंद्रा के मुताबिक इस स्कीम का मकसद शुरुआती खरीद कीमत कम करना है.
कितनी है शुरुआती कीमत
BaaS स्कीम के तहत BE 6 SPORTEQ की शुरुआती कीमत 11.45 लाख रुपये है, जबकि बैटरी के इस्तेमाल के लिए 3.75 रुपये प्रति किलोमीटर का प्रभावी शुल्क देना होगा. XEV 9S की शुरुआती कीमत 12.65 लाख रुपये है और इसमें भी बैटरी का खर्च 3.75 रुपये प्रति किलोमीटर रखा गया है. वहीं XEV 9e की शुरुआती कीमत 13.90 लाख रुपये है और बैटरी के लिए 3.75 रुपये प्रति किलोमीटर का भुगतान करना होगा. तीनों मॉडल के हर वेरिएंट पर यह फाइनेंसिंग विकल्प उपलब्ध है.
EV खरीदने का खर्च घटाने की कोशिश
महिंद्रा का कहना है कि BaaS स्कीम शुरू करने के बाद ग्राहकों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिली, जिसके बाद इसे पूरी Origin सीरीज तक बढ़ाया गया है. इलेक्ट्रिक वाहनों की शुरुआती कीमत को कम करना इस मॉडल का मुख्य उद्देश्य है. बैटरी की कीमत को अलग करने से ग्राहक को गाड़ी खरीदते समय कम रकम देनी पड़ती है और बैटरी का भुगतान इस्तेमाल के हिसाब से किया जाता है. हालांकि महिंद्रा ने बैटरी फाइनेंसिंग की अवधि और इस भुगतान व्यवस्था की दूसरी शर्तों के बारे में जानकारी नहीं दी है.











