मैनपाट में बाइक से नदी पार करने की कोशिश के दौरान हादसा, स्थानीय युवक ने युवती को रस्सी से बचाया

सरगुजा के मैनपाट में घुनघुट्टा नदी में बाइक समेत बहे युवक का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब तीन किलोमीटर दूर नदी किनारे से शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान केरल निवासी यदुकृष्ण (25) के रूप में हुई है।

पुल पार करते समय तेज बहाव में बहे युवक-युवती

जानकारी के अनुसार, यदुकृष्ण और गौरी नंदन (22) मैनपाट घूमने आए थे। दोनों रायपुर से निकले थे और ट्रेन से अंबिकापुर पहुंचने के बाद किराए पर बाइक लेकर मैनपाट गए थे। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे दोनों कमलेश्वरपुर से टाइगर प्वाइंट की ओर जा रहे थे।

घुनघुट्टा नदी के पुल पर करीब ढाई फीट पानी बह रहा था। तेज बहाव के बावजूद दोनों बाइक से पुल पार करने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों बाइक समेत नदी में बह गए। दोनों ने मदद के लिए शोर मचाया।

स्थानीय युवक ने रस्सी फेंककर युवती को बचाया

नदी के पास रहने वाले समशुद्दीन खान को घटना की जानकारी हुई तो वह रस्सी लेकर मौके पर पहुंचे। गौरी नंदन बहाव के बीच तैरकर बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी। समशुद्दीन ने नदी के बहाव की दिशा में दौड़ते हुए कई बार रस्सी फेंकी। करीब एक किलोमीटर दूर उन्होंने युवती को रस्सी की मदद से बाहर निकाल लिया।

हालांकि, यदुकृष्ण तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग उसकी तलाश में जुट गए। शनिवार देर शाम तक खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।

सुबह दोबारा शुरू हुआ रेस्क्यू, 3 किमी दूर मिला शव

रविवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय युवकों के साथ फिर से तलाश शुरू की। इसी दौरान घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर नदी में यदुकृष्ण का शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला।

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। बताया गया है कि यदुकृष्ण रायपुर में रहकर नौकरी करता था।

बारिश के बाद उफान पर हैं नदी-नाले

सरगुजा में शनिवार को कई इलाकों में तेज बारिश हुई। मैनपाट में भी कई घंटे तक झमाझम बारिश होने से घुनघुट्टा नदी का जलस्तर बढ़ गया था और पुल के ऊपर से पानी बह रहा था। पहाड़ी नदी में तेज बहाव के कारण बाइक सवार दोनों युवक-युवती अपना संतुलन नहीं संभाल सके और हादसे का शिकार हो गए।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close