जन्माष्टमी को लेकर यूपी सरकार अलर्ट, बसों के संचालन पर बड़ा प्लान

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर उत्तर प्रदेश में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने बसों और बस स्टेशनों पर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं. परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. भौगोलिकसंदर्भ
दयाशंकर सिंह ने कहा कि 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी. इस दौरान मथुरा, वृंदावन और गोवर्धन समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए बसों के संचालन और बस अड्डों पर यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है.
धार्मिक स्थलों वाले रूट पर बढ़ेगी निगरानी
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह ने सभी क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश जारी किए हैं. धार्मिक स्थलों को जाने वाले प्रमुख मार्गों पर चलने वाली बसों और बस स्टेशनों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है. अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यात्रियों के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं.
संदिग्ध व्यक्ति और सामान पर रहेगी नजर
जन्माष्टमी के दौरान बसों और बस स्टेशनों पर संदिग्ध व्यक्तियों तथा वस्तुओं की निगरानी और जरूरत पड़ने पर चेकिंग कराने को कहा गया है. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस और प्रशासन को सूचना देने के निर्देश हैं.
यात्रियों की सुविधा पर भी फोकस
परिवहन विभाग का जोर सिर्फ सुरक्षा पर ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने पर भी है. भीड़ वाले बस स्टेशनों पर पर्याप्त व्यवस्था और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने को कहा गया है. जन्माष्टमी के दौरान मथुरा-वृंदावन और गोवर्धन जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं.











