सूरत एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए बढ़ी फ्लाइट्स, एयर इंडिया एक्सप्रेस का नया प्लान

हवाई यात्रियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। आगामी अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से लागू होने जा रहे विंटर शेड्यूल में सूरत और दिल्ली के बीच उड़ानों की संख्या में बढ़ोतरी होने जा रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस इस रूट पर अपनी तीसरी दैनिक उड़ान शुरू करने जा रही है, जिससे अब सूरत से दिल्ली के बीच सप्ताह के सातों दिन कुल 6 डोमेस्टिक फ्लाइट्स उपलब्ध होंगी।

सुबह की फ्लाइट से बिजनेस यात्रियों को बड़ी राहत

विंटर शेड्यूल में एयर इंडिया एक्सप्रेस की यह नई उड़ान दिल्ली से सुबह 5:30 बजे रवाना होकर सुबह 7:50 बजे सूरत पहुंचेगी। इसके बाद यही विमान सूरत से सुबह 8:10 बजे उड़ान भरकर सुबह 10:05 बजे दिल्ली पहुंचेगा। सुबह के समय अतिरिक्त विकल्प मिलने से खासकर बिजनेस क्लास और दिल्ली से कनेक्टिंग इंटरनेशनल/डोमेस्टिक फ्लाइट पकड़ने वाले यात्रियों को सीधा फायदा होगा। वर्तमान में इस रूट पर रोजाना 5 उड़ानें संचालित हो रही हैं, जिनमें 3 इंडिगो की और 2 एयर इंडिया एक्सप्रेस की हैं। भौगोलिकसंदर्भ

सूरत-शारजाह इंटरनेशनल फ्लाइट के पुन: संचालन की आस

इसके साथ ही 25 फरवरी से बंद पड़ी सूरत-शारजाह अंतरराष्ट्रीय उड़ान के भी आगामी विंटर शेड्यूल में दोबारा शुरू होने की प्रबल संभावना है। इसका संभावित शेड्यूल आधिकारिक रूप से प्रदर्शित भी हो चुका है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, यह उड़ान सूरत से दोपहर 3:15 बजे रवाना होकर शाम 4:50 बजे शारजाह पहुंचेगी। वहीं वापसी में शारजाह से शाम 5:50 बजे रवाना होकर रात 10:00 बजे सूरत पहुंचेगी। इसे सप्ताह में तीन दिन (बुधवार, शुक्रवार और रविवार) चलाने का प्रस्ताव है।

सूरत-दिल्ली रूट पर यात्रियों की भारी आवाजाही रही है। आंकड़ों के अनुसार 2024-25 में 6.25 लाख और 2025-26 में 5.70 लाख से अधिक यात्रियों ने इस रूट पर सफर किया। ‘वी वर्क फॉर ऑलवेज सूरत’ (WWWAS) के सदस्य संजय जैन के अनुसार, इस रूट पर आवश्यकता के मुकाबले अभी भी करीब 10 उड़ानों की कमी बनी हुई है। हालांकि नई दैनिक उड़ान और शारजाह फ्लाइट की बहाली से हवाई यात्रियों को काफी हद तक राहत मिलेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close