शिक्षक से एक महीने तक लगवाए चक्कर, फिर मांगा 80 हजार कमीशन: कोंटा BEO 10 हजार रिश्वत लेते ACB के हत्थे चढ़ा

सुकमा, 02 सितम्बर 2026। जिले के कोंटा में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) चंद्र कुमार यारदा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि उन्होंने एक शिक्षक की पत्नी के करीब 16 लाख रुपए के एरियर्स की फाइल पर हस्ताक्षर करने के बदले 5 प्रतिशत कमीशन की मांग की थी। यह रकम करीब 80 हजार रुपए बताई जा रही है।
शिक्षक की शिकायत के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने योजना बनाकर बीईओ को रिश्वत लेते पकड़ लिया।
एरियर्स की फाइल पर साइन के बदले मांगा कमीशन
जानकारी के मुताबिक, शिक्षक मंगलराम की पत्नी की वर्ष 1991 में शिक्षिका के पद पर नियुक्ति हुई थी। लंबे समय से उनके एरियर्स का मामला लंबित था। प्रक्रिया पूरी होने के बाद एरियर्स की राशि करीब 16 लाख रुपए निर्धारित हुई।
इस राशि से संबंधित फाइल पर BEO के हस्ताक्षर जरूरी थे। शिक्षक का आरोप है कि वह करीब एक महीने से फाइल पर साइन कराने के लिए बीईओ कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे थे।
इसी दौरान BEO चंद्र कुमार यारदा ने एरियर्स की राशि का 5 प्रतिशत कमीशन मांगा। करीब 80 हजार रुपए की मांग होने पर शिक्षक ने इसकी शिकायत ACB के जगदलपुर कार्यालय में की।
शिकायत का सत्यापन कर ACB ने बनाई योजना
शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने पहले पूरे मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ने की योजना तैयार की गई।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ACB की टीम तीन-चार वाहनों से कोंटा स्थित BEO कार्यालय पहुंची। टीम के निर्देश पर शिक्षक को 10 हजार रुपए देने के लिए भेजा गया।
जैसे ही BEO ने शिक्षक से 10 हजार रुपए की रिश्वत ली, वहां मौजूद ACB की टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्यालय में दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच
गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम ने BEO कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों, रिकॉर्ड और संबंधित फाइलों की जांच की। टीम ने एरियर्स मामले से जुड़े अन्य कागजात भी खंगाले।
देर शाम तक कार्यालय में ACB की कार्रवाई जारी रही। अधिकारियों ने मामले से जुड़े दस्तावेजों को भी जांच के दायरे में लिया।
ACB ने कहा- आगे की कार्रवाई जारी
ACB के मुताबिक, शिक्षक मंगलराम ने एरियर्स की फाइल पर हस्ताक्षर करने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद कार्रवाई करते हुए BEO चंद्र कुमार यारदा को 10 हजार रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











