बिलासपुर में ट्रेन से गांजा तस्करी करते महिला समेत 5 गिरफ्तार, 24 किलो गांजा जब्त; ओडिशा से मध्यप्रदेश तक नेटवर्क का शक

जीआरपी ने रेलवे के जरिए गांजा तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 24 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत 12.50 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी नर्मदा एक्सप्रेस के जरिए गांजे की खेप ले जाने की तैयारी में थे।
प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध हालत में मिले आरोपी
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 पर कुछ संदिग्ध लोग मौजूद हैं। उनके पास नशीला पदार्थ होने की आशंका जताई गई थी। सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 24 किलो गांजा बरामद किया गया।
सीहोर के रहने वाले हैं आरोपी
पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार किए गए आरोपी मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और ट्रेन के जरिए इसे किस जगह पहुंचाया जाना था।
ओडिशा से मध्यप्रदेश तक नेटवर्क की जांच
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में गांजा तस्करी का नेटवर्क ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए मध्यप्रदेश तक फैला होने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित मास्टरमाइंड की जानकारी जुटाई जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पांचों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस बरामद गांजे के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय बड़े तस्करी नेटवर्क की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।











