MLC चुनाव: अनंत सिंह के साथ बिहटा पहुंचे अनुज सिंह:बोले- दादा का आशीर्वाद मिला, जनता के समर्थन की जरूरत; हर हाल में चुनाव लडूंगा

बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट पर चुनाव से पहले जदयू खेमे में राजनीति तेज हो गई है। मंगलवार देर शाम मोकामा विधायक अनंत सिंह अपने समर्थित MLC प्रत्याशी अनुज सिंह के साथ बिहटा पहुंचे।

इस दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए पटना स्नातक क्षेत्र से एमएलसी प्रत्याशी अनुज सिंह ने कहा, ‘मुझे दादा (मोकामा विधायक अनंत सिंह) का आशीर्वाद और समर्थन मिल चुका है। अब सिर्फ जनता का आशीर्वाद चाहिए। मैं हर हाल में चुनाव लडूंगा।’

अनुज सिंह ने बताया कि वे पिछले एक सप्ताह से लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं और मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। आज उन्हें बिहटा आने का मौका मिला। वे मतदाताओं के बीच जाकर भी प्रचार कर रहे हैं।

अनुज सिंह के समर्थन में अनंत सिंह के लगातार क्षेत्र में दौरा करने को चुनावी राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके समर्थन का असर चुनावी समीकरणों पर भी देखने को मिल सकता है।दोनों बिहटा में स्वतंत्रता सेनानी स्व. जगदीश सिंह की श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। इस दौरान जदयू से निष्कासित छोटू सिंह सहित समर्थक और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

नीरज कुमार से विवाद के बीच समर्थन का मुद्दा

बीते 7 सितंबर को विधायक अनंत सिंह और JDU MLC नीरज कुमार जेडीयू कार्यालय पहुंचे थे। करीब 35 मिनट तक जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के साथ बंद कमरे में बैठक चली।

मीटिंग से बाहर निकलने के बाद अनंत सिंह ने कोई बयान नहीं दिया। वो चुपचाप पार्टी ऑफिस से निकल गए। वहीं, JDU MLC नीरज कुमार ने कहा कि पहले अनंत सिंह ने जो कहा हो उससे मतलब नहीं, आज कुछ कहा क्या। वो मेरे सपोर्ट में हैं।

दरअसर, मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और मौजूदा MLC नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।

अनंत सिंह ने आगामी MLC चुनाव में डॉ. अनुज सिंह का समर्थन करने की बात कही थी। उन्होंने साफ कहा था कि वे नीरज कुमार का साथ नहीं देंगे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close