MPPSC ने भरे हज़ारों पद, आने वाले महीनों में 5,500 से अधिक भर्तियों की तैयारी—जानिए पूरी रिपोर्ट

MPPSC/मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खोलते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आयोग ने वर्ष 2023 से अब तक कुल 4,492 पदों के लिए 75 विज्ञापनों के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी, जिनमें से 3,756 पदों पर सफलतापूर्वक चयन प्रक्रिया पूर्ण कर नियुक्तियों की सिफारिश संबंधित विभागों को भेज दी गई है।
आयोग के सचिव प्रबल सिपाहा के अनुसार, पिछले एक वर्ष की अवधि में राज्य सेवा परीक्षा 2019, 2021 और 2022 के तहत कुल 1,109 पदों पर चयन हुआ है, वहीं राज्य वन सेवा परीक्षा के जरिए 200 पदों पर भर्ती पूरी की गई है। विभिन्न विभागों को समय पर सिफारिशें भेजे जाने से चयनित अभ्यर्थियों को शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने में भी आसानी हुई है।
राज्य सेवा परीक्षा के माध्यम से 72 डिप्टी कलेक्टर और 51 उप पुलिस अधीक्षक की नियुक्तियों के लिए सामान्य प्रशासन और गृह विभाग को सिफारिश भेजी गई। वहीं, स्कूल शिक्षा विभाग को 132 सहायक संचालक और वित्त विभाग को 22 पदों के लिए चयनित उम्मीदवारों की सूची सौंपी गई।
वन विभाग के लिए 19 सहायक वन संरक्षक और 181 वन क्षेत्रपाल एवं परियोजना अधिकारी की नियुक्ति हेतु अनुशंसा की गई। इसके साथ ही लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग को 7 रेडियोलॉजी विशेषज्ञ, उच्च शिक्षा विभाग को सहायक प्राध्यापक परीक्षा 2022 के अंतर्गत 25 विषयों में 727 पद, आयुष विभाग को आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी के 543 और व्याख्याता के 71 पदों की सिफारिशें भेजी गईं।
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग भारतीय संविधान के अनुच्छेद 315 के तहत स्थापित एक संवैधानिक संस्था है, जिसकी मुख्य भूमिका प्रदेश की विभिन्न सार्वजनिक सेवाओं में योग्य उम्मीदवारों की निष्पक्ष और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से भर्ती करना है। प्रदेश के लगभग 48 सरकारी विभागों में नियुक्त होने वाले राजपत्रित अधिकारियों का चयन इसी आयोग के माध्यम से किया जाता है, जिससे राज्य की प्रशासनिक संरचना को मजबूती मिलती है।







